सिडनी : ऑस्ट्रेलिया से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज खबर सामने आई है। सिडनी के मशहूर बॉन्डी बीच पर रविवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हनुक्का पर्व मना रहे यहूदी समुदाय पर दो हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस भयावह हमले में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 29 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत नाजुक बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, त्योहार के दौरान समुद्र तट पर भारी भीड़ मौजूद थी। तभी दो हथियारबंद हमलावर मौके पर पहुंचे और लोगों को निशाना बनाते हुए गोलियां चलानी शुरू कर दीं। अचानक हुई गोलीबारी से पूरे इलाके में भगदड़ मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। घटना की सूचना मिलते ही ऑस्ट्रेलियाई पुलिस और इमरजेंसी टीमें मौके पर पहुंचीं। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों हमलावरों को गोली मारी गई। अधिकारियों के मुताबिक, एक हमलावर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।
इस हमले में इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर माइकल वॉन भी मौजूद थे, जो बाल-बाल बच गए। माइकल वॉन ने बताया कि गोलीबारी के दौरान वे एक रेस्टोरेंट के भीतर छिप गए थे। बाद में उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि यह उनके जीवन का सबसे डरावना अनुभव था और उन्होंने इमरजेंसी स्टाफ का आभार जताया। घटना से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें बॉन्डी बीच पर फैली दहशत और शव बिखरे हुए दिखाई दे रहे हैं। इस हमले ने पूरे ऑस्ट्रेलिया को झकझोर कर रख दिया है।
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने इस हमले को बेहद चौंकाने वाला और दुखद बताया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि इस जघन्य घटना के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और हमले के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
