सपा अध्यक्ष बोले-भाजपा की गलत नीतियों से अर्थव्यवस्था तबाह,युवाओं में बढ़ी बेरोजगारी
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने डॉलर के मुकाबले रुपये के ऐतिहासिक रूप से कमजोर होने पर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि रुपये की रिकॉर्ड गिरावट इस बात का सबूत है कि अर्थव्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार द्वारा पेश किए जा रहे आंकड़े और दावे पूरी तरह झूठे और मनगढ़ंत हैं। सपा मुख्यालय से जारी बयान में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा इस सच्चाई को नकार नहीं सकती कि रुपये की गिरावट एक कमजोर और नाकाम सरकार की देन है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि रुपये के गिरने और सरकार के बीच का अनोखा आर्थिक सिद्धांत भाजपा की ही देन है।
‘रुपये की गिरावट ने तोड़े सारे रिकॉर्ड’

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था को बर्बादी के कगार पर पहुंचा दिया है। उन्होंने कहा कि डॉलर के मुकाबले रुपया लगातार गिरता जा रहा है। रुपये की गिरावट ने अब तक के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।।महंगाई बेलगाम हो चुकी है। सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा की गलत आर्थिक नीतियों के कारण किसान, नौजवान, व्यापारी और आम जनता बुरी तरह परेशान है। उन्होंने कहा कि भाजपा के झूठे वादों की पोल अब पूरी तरह खुल चुकी है।
भाजपा जाए, तो रुपया मजबूत हो
सपा प्रमुख ने अपने बयान में कहा, “भाजपा जाए, तो रुपया मजबूत हो जाए।”उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों से आम आदमी की कमर टूट चुकी है और सरकार को अर्थव्यवस्था की कोई समझ नहीं है।
भ्रष्टाचार और माफिया राज का आरोप
सपा अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार और लूट को बढ़ावा देने का भी गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हर तरह के अवैध और नकली कारोबार फल-फूल रहे हैं। माफियाओं को सत्ता का संरक्षण मिल रहा है। आम लोगों का जीवन संकट में डाला जा रहा है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा और माफिया एक-दूसरे के पूरक बन चुके हैं।
‘हर जिले में माफिया, जनता और अफसर डरे’
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने हर जिले में माफिया पैदा किए हैं। भाजपा-संरक्षित माफियाओं से जनता दहशत में हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों में भी भय का माहौल है। उन्होंने कहा कि सत्ता के संरक्षण में भू-माफियाओं का आतंक है। कफ सिरप माफिया जनता की जान से खेल रहे हैं उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार अर्थव्यवस्था, कानून व्यवस्था, महंगाई, रोजगार हर मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है।
कैफ़ी आज़मी अकादमी का किया दौरा, रामगोविन्द चौधरी का जाना हाल

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने रविवार को निशातगंज स्थित कैफ़ी आज़मी अकादमी का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ पार्टी के राष्ट्रीय सचिव व विधान परिषद सदस्य राजेंद्र चौधरी और महानगर अध्यक्ष फाकिर सिद्दीकी मौजूद रहे। कैफ़ी आज़मी अकादमी राजधानी लखनऊ में कला, साहित्य और सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है, जिसे उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी संचालित करती है। इस प्रेक्षागृह के निर्माण में अखिलेश यादव के मुख्यमंत्रित्वकाल में आर्थिक सहयोग दिया गया था।।इसके बाद अखिलेश यादव ने मैक्स अस्पताल पहुंचकर पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविन्द चौधरी के स्वास्थ्य की जानकारी ली। वहीं, उन्होंने सपा प्रदेश सचिव प्रीति तिवारी के निशातगंज स्थित आवास पर भी मुलाकात की, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने उनका स्वागत किया।
SIR प्रक्रिया को लेकर सपा का चुनाव आयोग को ज्ञापन
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश को ज्ञापन सौंपकर एसआईआर प्रक्रिया में खामियों का आरोप लगाया है। सपा ने मांग की है कि एएसडी (अनुपस्थित, शिफ्टेड, डुप्लीकेट, मृतक) मतदाताओं की सूची विधानसभा-वार और बूथ-वार हिंदी भाषा में, पूरा पता, संबंधी का नाम और मोबाइल नंबर सहित उपलब्ध कराई जाए, ताकि निष्पक्ष सत्यापन हो सके। ज्ञापन में गाजीपुर, प्रयागराज, झांसी, लखीमपुर खीरी, अमेठी और सीतापुर सहित कई जिलों में सूचियों में गड़बड़ी, अधूरा विवरण, अंग्रेजी भाषा में सूची देने, दबाव में हस्ताक्षर कराने और वैध मतदाताओं के नाम हटाने की साजिश का आरोप लगाया गया है। सपा नेताओं ने इन शिकायतों पर तत्काल जांच और कार्रवाई की मांग की है।
