बरेली : शहर के सुभाषनगर थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवती ने अपने ही जीजा (बहनोई) पर दहेज न मिलने के बाद हैवानियत पर उतरने,अश्लील फोटो एडिट कर ब्लैकमेल करने और रुपये की वसूली करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी बहनोई ने उसकी सामान्य तस्वीरों को एडिट कर आपत्तिजनक और अश्लील बना दिया और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने लगा। यही नहीं, आरोपी युवती की शादी तुड़वाने और उसकी पूरी जिंदगी बर्बाद करने की धमकियां भी दे रहा है।
WhatsApp पर अश्लील मैसेज, पिता को भेजी तस्वीरें
पीड़िता के अनुसार, आरोपी बहनोई लगातार व्हाट्सएप पर गंदे और आपत्तिजनक मैसेज भेज रहा है। उसने युवती की एडिट की गई अश्लील तस्वीरें उसके पिता के मोबाइल नंबर पर भी भेज दीं, जिससे परिवार मानसिक रूप से टूट गया। आरोप है कि आरोपी खुलेआम कहता है कि अगर उसकी मांगें पूरी नहीं की गईं, तो वह इन तस्वीरों को सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा।
दहेज न मिलने का बदला, 50 हजार की वसूली
इस मामले में दहेज का एंगल भी सामने आया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी उसकी बहन की शादी में दहेज कम मिलने से नाराज था। इसी रंजिश में वह अब युवती से 50 हजार रुपये की मांग कर रहा है।पीड़िता का कहना है कि जब उसने इस घिनौनी हरकत की जानकारी अपनी बड़ी बहन को दी, तो आरोपी गुस्से में आ गया और पत्नी के साथ मारपीट की।
पुलिस ने दर्ज की FIR, जांच तेज
पीड़िता की तहरीर पर सुभाषनगर थाना प्रभारी ने आरोपी बहनोई समेत दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और डिजिटल सबूतों, मोबाइल चैट, फोटो एडिटिंग और मैसेज रिकॉर्ड की बारीकी से जांच की जा रही है।
महिलाओं के खिलाफ साइबर अपराध का गंभीर मामला
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला ब्लैकमेलिंग, साइबर अपराध, दहेज उत्पीड़न और महिला उत्पीड़न से जुड़ा हुआ है। साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
