गोमती रिवर फ्रंट पर लगेगी सुहेलदेव की मूर्ति
सपा को मिला पीएम के ‘कटप्पा’ का साथ, भाजपा को झटका
लखनऊ : समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला करते हुए मांग की है कि सरकार डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाएं तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के ही लोग इस कृत्य में शामिल हैं। इसलिए कार्रवाई नहीं की जा रही है। वह शुक्रवार को लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में मीडिया को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जनता अब महंगाई और बेरोजगारी जैसे असली मुद्दों पर सवाल उठा रही है। जिससे भाजपा परेशान है और नफरत की राजनीति पर उतर आई है। बोले, अब हम सबको हाउस अरेस्ट कर दो, फिर भी जनता इन्हें हटा देगी।
पीडीए ने खत्म की सांप्रदायिक राजनीति
सपा प्रमुख ने कहा कि पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक (PDA) वर्ग ने भाजपा की सांप्रदायिक राजनीति को खत्म कर दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा को अब वोट नहीं मिल रहे। इसलिए वह समाज को बांटने और उकसाने का काम कर रही है।
गोमती रिवर फ्रंट पर लगेगी सुहेलदेव की मूर्ति
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एलान किया कि जब यूपी में सपा की सरकार बनेगी, तो लखनऊ के गोमती रिवर फ्रंट पर महाराजा सुहेलदेव की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रतिमा पर सोने की तलवार होगी और आवश्यकता पड़ने पर अष्टधातु में सोना मिलाकर तलवार बनाई जाएगी। इसको दुनिया देखेगी।
मदरसों को अवैध बताकर हो रही कार्रवाई
यूपी में मदरसों पर हो रही कार्रवाई पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि अगर मदरसे अवैध थे, तो पहले क्यों नहीं रोका गया? अगर नक्शा पास नहीं हुआ है, तो कानूनी व्यवस्था है। भाजपा सरकार सिर्फ अपने वोट बैंक को बचाने के लिए यह सब कर रही है। यह लोकतंत्र के लिए अच्छी बात नहीं है।
‘कटप्पा’ का साथ: भाजपा को झटका
राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बने महेंद्र राजभर शुक्रवार को सपा में शामिल हो गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2017 के चुनाव में उन्हें ‘कटप्पा’ कहकर प्रचार किया था। महेंद्र राजभर, सुभासपा प्रमुख ओपी राजभर के बेहद करीबी रहे हैं। अब उनका सपा में आना भाजपा और सुभासपा के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
गंगा एक्सप्रेसवे पर फ्लाईपास्ट: अखिलेश का व्यंग्य
शाहजहांपुर में गंगा एक्सप्रेसवे पर वायुसेना के फाइटर जेट्स के अभ्यास पर अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि रात में लैंडिंग कोई नई तकनीक नहीं है, बस लाइट लगा दो। यह समाजवादी पार्टी का विजन था। उन्होंने याद दिलाया कि सपा शासन में ही आगरा एक्सप्रेसवे पर पहली बार फाइटर जेट्स की लैंडिंग करवाई गई थी।
रामजी लाल सुमन को रोकने पर भड़के अखिलेश
सपा सांसद रामजी लाल सुमन को रोके जाने पर उन्होंने कहा, “अगर सरकार को लगता है, तो हमें भी हाउस अरेस्ट कर ले, लेकिन अब भाजपा सरकार जा रही है।” उन्होंने भाजपा पर गैरकानूनी निर्माण के आरोप लगाते हुए कहा कि यह अन्याय हो रहा है। बोले, जीरो टॉलरेंस की बात कहने वाले बताएं कि कैसे हमला हुआ। टायर कहा से आए।
जाति जनगणना को लेकर समर्थन
जातिगत जनगणना पर अखिलेश यादव ने कहा कि यह पीडीए समुदाय के साथ-साथ देश की 90% आबादी की मांग है। उन्होंने इसे डॉ. आंबेडकर के सपनों की पूर्ति की दिशा में पहला कदम बताया। बोले, अभी आरक्षण और बाकी मांग बाकी हैं।
नेहा राठौर के सवाल पर बोले, सरकार घबरा रही है
मीडिया ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव से नेहा राठौर को लगातार हो रही कार्रवाई का सवाल पूछा। बोले, इस पर काफी लंबा चौड़ा लिखा है। सरकार सवाल पूछने वालों से घबरा क्यों रही है?। जवाब दे, क्योंकि जो उनके मीडिया हाउसेस हैं ।उनके लगातार न्यूज़ और देखने वाले लोग घट रहे हैं। इसलिए ऐसे हमले किए जा रहे हैं।
