बाराबंकी : पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर बुधवार दोपहर दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। सुबेहा थाना क्षेत्र के डीह गांव के पास माइल स्टोन 51.6 पर खड़ी एक वैगनआर को तेज रफ्तार ब्रेज़ा कार ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि दोनों गाड़ियां आग के गोले में बदल गईं। आग की लपटें 5 किलोमीटर दूर से दिखाई दे रही थीं।
हादसे के तुरंत बाद ही मौत का मंजर सामने आ गया। टक्कर के झटके से कार सवार करीब 20 मीटर दूर तक जा गिरे। मौके पर ही 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं, दो बच्चे और एक पुरुष शामिल हैं। उनकी लाशें एक्सप्रेस-वे पर बिखरी पड़ी थीं।
स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत बचाव में जुटे। कार के दरवाजे खोलकर 5 लोगों को किसी तरह बाहर निकाला गया। सभी गंभीर रूप से घायल थे, जिन्हें एक्सप्रेस-वे की मेडिकल टीम व पुलिस की मदद से जिला अस्पताल बाराबंकी में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान तीन और घायल दम तोड़ बैठे।
फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों गाड़ियां पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थीं। हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेनों की मदद से दोनों वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया।
कुडवा डीह गांव के प्रधान प्रतिनिधि अनिल ने बताया कि हादसा उनकी आंखों के सामने हुआ। वैगनआर संभवत: किसी तकनीकी खराबी की वजह से खड़ी थी। कार में कुछ लोग बैठे थे, जबकि बच्चे बाहर पानी पी रहे थे। तभी लखनऊ से आजमगढ़ की ओर जा रही तेज रफ्तार ब्रेज़ा कार ने पीछे से भीषण टक्कर मार दी।
टक्कर के तुरंत बाद वैगनआर में आग लग गई, जिसने कुछ ही सेकंड में ब्रेज़ा को भी अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर हड़कंप मच गया। पुलिस और यूपीडा कर्मियों ने फंसे लोगों को निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
