जालौन: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में कुठौंद थाने में तैनात इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय की 5 दिसंबर को हुई मौत का मामला लगातार नया मोड़ ले रहा है। शुरुआत में इसे आत्महत्या बताया गया था, लेकिन अब पुलिस ने हत्या के शक पर मामला दर्ज कर महिला कॉन्स्टेबल मीनाक्षी शर्मा को गिरफ्तार कर 14 दिन के लिए उरई जेल भेज दिया है। मीनाक्षी पर इंस्पेक्टर को ब्लैकमेल करने, धमकी देने और हत्या कराने के गंभीर आरोप हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना के समय मीनाक्षी इंस्पेक्टर के कमरे में मौजूद थी। 5 दिसंबर की रात लगभग 9:15 बजे सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि मीनाक्षी फोन पर बात करते हुए इंस्पेक्टर के सरकारी आवास की ओर जा रही थी। कुछ ही मिनटों बाद गोली चलने की आवाज आई। घटना के तुरंत बाद मीनाक्षी चीखती हुई बाहर आई और थाने को सूचना दी, लेकिन पूछताछ में उसने कहा कि वह कमरे में पहुंची तो गोली चल चुकी थी।
घटना स्थल पर फोरेंसिक टीम ने सभी साक्ष्यों को इकट्ठा किया। इंस्पेक्टर का शव मच्छरदानी के अंदर खून से लथपथ पड़ा मिला और उनकी सर्विस रिवॉल्वर पेट के पास रखी थी। इंस्पेक्टर की पत्नी माया राय ने संत कबीरनगर से जालौन पहुंचकर कुठौंद थाने में तहरीर दी और आरोप लगाया कि मीनाक्षी ने या तो हत्या की या किसी और से करवाई।
जांच में खुलासा हुआ कि मीनाक्षी पिछले 11 दिनों से ड्यूटी पर अनुपस्थित थी, लेकिन फिर भी इंस्पेक्टर के आवास पर आना-जाना जारी था। पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने आईपीसी की धारा 302 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया। रविवार को कोर्ट ने मीनाक्षी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा। जेल जाते समय भी मीनाक्षी ने महिला सिपाही के साथ तीखा व्यवहार किया।
सबसे चौंकाने वाला खुलासा मोबाइल और वीडियो कॉल रिकॉर्ड से हुआ। घटना से तीन दिन पहले मीनाक्षी और इंस्पेक्टर के बीच 100 से ज्यादा फोन और वीडियो कॉल हुई थीं। सूत्रों के अनुसार, मीनाक्षी फरवरी 2026 में शादी करने वाली थी और इंस्पेक्टर से शादी का खर्च लगभग 25 लाख रुपये उठाने की मांग कर रही थी। उसके पास इंस्पेक्टर के कुछ निजी वीडियो भी थे, जिनका इस्तेमाल वह ब्लैकमेलिंग के लिए कर रही थी।
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल और चैट रिकॉर्ड के आधार पर जांच में कई और खुलासे होने की संभावना है। एसआईटी की टीम पूरे मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि मीनाक्षी ने इंस्पेक्टर को बार-बार धमकी दी थी कि यदि उसने उसकी मांगें नहीं मानीं, तो वीडियो पत्नी को भेज दिए जाएंगे।
