बरेली : शहर के जय नारायण इंटर कॉलेज में 2023 में आयोजित ग्राम विकास अधिकारी (VDO) परीक्षा में सामने आए बड़े फर्जीवाड़े के मुख्य आरोपी विपिन कुमार को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया।विपिन, मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा का निवासी है, और पिछले दो साल से पुलिस को चकमा देकर लगातार ठिकाने बदलता फिर रहा था, लेकिन रहेलखंड चौकी प्रभारी मनीष कुमार भारद्वाज की लगातार निगरानी और तकनीकी सर्विलांस की मदद से सोमवार को पुलिस ने उसे दबोच लिया।
ऐसे हुआ फर्जीवाड़े का खुलासा
26 जून, 2023 को बरेली के जय नारायण इंटर कॉलेज में परीक्षा के दौरान संदेह होने पर चेकिंग की गई, तभी बड़ा खुलासा हुआ कि विपिन कुमार की जगह बिहार निवासी रतन कुमार फर्जी दस्तावेज़ों के साथ परीक्षा दे रहा था।
कॉलेज प्रिंसिपल ने तुरंत पुलिस को दी सूचना
रतन कुमार मौके पर ही पकड़ा गया, और उसे जेल भेज दिया गया। जांच में पता चला कि यह पूरी साज़िश का मास्टरमाइंड खुद विपिन कुमार है। जिसने फर्जी दस्तावेज़ बनवाए और अपनी जगह दूसरे को परीक्षा में बैठाया।
एक लाख रुपये में तय हुआ सौदा, व्हाट्सऐप से हुआ कॉन्टैक्ट
पूछताछ में विपिन ने स्वीकार किया कि वह पढ़ाई में कमजोर था। परीक्षा पास करने का भरोसा नहीं था। इसी दौरान उसकी मुलाकात व्हाट्सऐप के जरिए रतन कुमार से हुई। 1 लाख रुपये में डील फाइनल हुई। रतन ने फर्जी रिकॉर्ड तैयार कराया और विपिन की जगह परीक्षा देने बैठ गया, लेकिन परीक्षा केंद्र की सतर्कता से रतन पकड़ा गया… और विपिन फरार हो गया।
कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज
विपिन पर लगाए गए आरोप बेहद गंभीर हैं। उसके खिलाफ दर्ज धारा 419, 420 (धोखाधड़ी), 467, 468, 471 (फर्जी दस्तावेज़ तैयार करने व इस्तेमाल करने), 120B (साज़िश), U.P. Public Examination (Unfair Means) Act- 6/10 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।।पुलिस ने आरोपी का चालान किया और रिमांड हेतु न्यायालय में पेश कर दिया।
