बरेली: सर्दियों की कड़कड़ाती ठंड और शीतलहर से बुज़ुर्गों को बचाने के लिए योगी सरकार ने बरेली में बड़े स्तर पर तैयारियाँ शुरू कर दी हैं। जिले में पहले चरण में 6185 कंबलों की सप्लाई का आदेश जारी किया गया है। यह कदम उन बुज़ुर्गों और असहाय लोगों को सीधे राहत पहुंचाने के लिए उठाया गया है, जो खुले आसमान या असुरक्षित परिस्थितियों में रहते हैं।
कंबल वितरण पर खास ध्यान

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कंबलों की गुणवत्ता खुद जांची और उनके वजन, आकार और ऊन की मात्रा का मूल्यांकन किया। कंबल नि:शुल्क वितरित किए जाएंगे और किसी भी तरह की बिक्री के लिए नहीं होंगे। डीएम ने सभी तहसीलदारों को निर्देश दिए हैं कि वितरण में पारदर्शिता रहे और जरूरतमंद बुज़ुर्गों को प्राथमिकता दी जाए।पहले चरण में बरेली सदर में 2000, बहेड़ी में 837, आंवला में 837, नवाबगंज में 837, फरीदपुर में 837 और मीरगंज में 837 कंबल आवंटित किए गए हैं।
स्वास्थ्य जांच और सहायता
सभी वृद्धाश्रमों में हर 15 दिन में स्वास्थ्य जांच कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। बुज़ुर्गों का स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा परीक्षण और आवश्यक उपचार किया जाता है। इसके अलावा, एम्बुलेंस की सुविधा भी उपलब्ध है।
एल्डर लाइन हेल्पलाइन 14567 सक्रिय
राज्यभर में बुज़ुर्गों के लिए हेल्पलाइन 14567 पूरी तरह सक्रिय है। इसके जरिए बुज़ुर्गों को तुरंत मदद, कानूनी सलाह, ट्रेसिंग और वृद्धाश्रम में स्थानांतरण जैसी सुविधाएं मिलती हैं।
ठंड से राहत के लिए अलाव और रैन बसेरे
ठंड से बचाने के लिए बरेली में रैन बसेरे विकसित किए जा रहे हैं और चौराहों व तिराहों पर अलाव की व्यवस्था की जा रही है। सरकार ने आपूर्ति करने वाली संस्था को चेतावनी दी है कि अगर समय पर गुणवत्ता के अनुसार कंबल नहीं पहुंचाए गए तो भुगतान में कटौती और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
