सपा प्रमुख बोले-भाजपा वोट कटवा कर लोकतंत्र कमजोर करना चाहती है, संचार साथी ऐप निजता पर सीधा हमला, फर्जी केस, भ्रष्टाचार और हिरासत मौतों पर भी साधा निशाना
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को भाजपा सरकार और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि एसआईआर (Special Intensive Revision) भाजपा की नाकामियों को छुपाने और वोटर लिस्ट में कटौती कराने का साधन बन चुका है। सपा प्रमुख का आरोप है कि भाजपा बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के दिए हुए मताधिकार और आरक्षण को निशाना बना रही है।
वोट हटेगा तो अधिकार छिनेगा : अखिलेश यादव
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है कि किसी भी मतदाता का नाम न कटे, लेकिन भाजपा के दबाव में उल्टा हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में लाखों लोगों के नाम एसआईआर में काट दिए गए। उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में अभी चुनाव नहीं हैं, फिर इतनी जल्दी एसआईआर क्यों?। सपा प्रमुख ने जनता से अपील की कि “सब अपना वोट बनवाएं, और कटने से बचाएं, नहीं तो संविधान और आरक्षण दोनों खतरे में पड़ जाएंगे।”
भाजपा सरकार पर फर्जी मुकदमों के आरोप

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर विपक्ष को प्रताड़ित करने और झूठे मामलों में फंसाने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि “भाजपा जनता को रोटी-रोजगार नहीं दे रही, बल्कि विपक्षियों पर झूठे मुकदमे लगा रही है।”आजम खान, गायत्री प्रजापति, रमाकांत यादव सहित कई सपा नेताओं को न्याय नहीं मिल रहा है।
भ्रष्टाचार और हिरासत मौतों पर भी निशाना
उन्होंने कहा कि यूपी में “थानों से लेकर तहसील तक भ्रष्टाचार चरम पर है” और राज्य हिरासत मौतों में देश में नंबर-1 पर है। फर्जी एनकाउंटरों पर रोक नहीं है और सपा कार्यकर्ताओं को रेगुलर फर्जी केसों में फंसाया जा रहा है।
संचार साथी ऐप जनता की जासूसी की तैयारी
सपा प्रमुख ने संचार साथी ऐप को लेकर कहा कि यह आम लोगों की निजी बातचीत पर नजर रखने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि “भाजपा का इतिहास ही जासूसी और मुखबिरी का रहा है। अब घर -परिवार, रिश्तेदार, दोस्तों तक की बातचीत पर भी नजर रखी जाएगी। जनता इसे कभी स्वीकार नहीं करेगी।”
जनता का फैसला- अब नहीं चाहिए निजता तोड़ने वाली सरकार!
उन्होंने कहा कि जनता अब भाजपा से नाराज़ है और चुनाव में जवाब देने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि लोग “निजता, सम्मान, हक, आरक्षण और संविधान बचाने के लिए भाजपा को सत्ता से हटाने का संकल्प ले चुके हैं।”
अधिवक्ता दिवस पर सपा ने याद किए डॉ. राजेन्द्र प्रसाद
सपा मुख्यालय पर अधिवक्ता दिवस के अवसर पर बुधवार को स्वतंत्र भारत के प्रथम राष्ट्रपति भारतरत्न डॉ. राजेन्द्र प्रसाद की जयंती सादगीपूर्ण तरीके से मनाई गई।कार्यक्रम में पार्टी की ओर से राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी ने डॉ. राजेन्द्र प्रसाद के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। मोहनलालगंज से सांसद आर.के. चौधरी ने भी पुष्पांजलि अर्पित की।सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने संदेश में कहा कि डॉ. राजेन्द्र प्रसाद महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, प्रतिष्ठित अधिवक्ता, संविधान निर्माता और स्वतंत्र भारत के प्रथम निर्वाचित राष्ट्रपति थे। 1950 से 1962 तक राष्ट्रपति रहने के दौरान उनका योगदान भारतीय गणराज्य के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में दर्ज है।कार्यक्रम में पूर्व सांसद अरविन्द सिंह, समाजवादी अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्ण कन्हैया पाल, प्रदेश अध्यक्ष सिकन्दर यादव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष धीरज यादव, राष्ट्रीय महासचिव सिराज अहमद खां, सहित कई पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं ने भी श्रद्घासुमन अर्पित कर नमन किया।
