कर्नाटक : मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही तनातनी के बीच शनिवार सुबह एक महत्वपूर्ण राजनीतिक गतिविधि देखने को मिली। डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार, मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के आवास पर नाश्ते के लिए पहुँचे। माना जा रहा है कि इस मुलाकात के दौरान दोनों नेता CM पद को लेकर जारी विवाद पर विस्तार से चर्चा करेंगे।
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस आलाकमान ने हाल ही में कर्नाटक के दोनों शीर्ष नेताओं से सख्त लहजे में कहा है कि वे नेतृत्व से जुड़े इस मुद्दे को आपसी सहमति से जल्द सुलझाएँ। पार्टी नेतृत्व ने सिद्धरमैया और शिवकुमार दोनों से अलग-अलग बातचीत करते हुए तनाव खत्म करने और समाधान खोजने को प्राथमिकता देने की हिदायत दी है। इसी निर्देश के बाद शनिवार सुबह सिद्धरमैया ने शिवकुमार को नाश्ते पर आमंत्रित किया, जहाँ नेतृत्व विवाद पर बातचीत होने की पूरी संभावना है।
इस बीच, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बेटे और कर्नाटक सरकार में मंत्री प्रियांक खरगे ने कहा कि पार्टी नेतृत्व मुद्दों को सुलझाने की सही समय-सीमा और संवेदनशीलता को भली-भांति समझता है।
