हमीरपुर : जिले में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने चार जिंदगियां छीन लीं। बागेश्वर धाम से दर्शन कर कानपुर लौट रहे श्रद्धालुओं की अर्टिगा वैन मौदहा कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे-34 पर तेज रफ्तार डंपर से टकरा गई। हादसा छिरका और मवइया गांव के बीच दोपहर करीब 12:30 बजे हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार गूंज उठी। जानकारी के मुताबिक, सभी श्रद्धालु मध्य प्रदेश स्थित बागेश्वर धाम से दर्शन कर वापस कानपुर लौट रहे थे। परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने सबकुछ मातम में बदल दिया।
एक ही परिवार के चार लोगों की मौत
इस भीषण हादसे में नरेंद्र, उनकी पत्नी रेखा, राजकपूर और उनकी पत्नी मीना समेत परिवार के लोग वैन में सवार थे। दुर्घटना में नरेंद्र, मीना, राजकपूर और चालक आयुष चौहान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रेखा गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर किया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शवों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।
हादसे की जांच में जुटी पुलिस
मौदहा कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसे की वजह चालक को नींद की झपकी आना या ओवरटेक के दौरान नियंत्रण खोना माना जा रहा है। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के कारण कुछ समय तक नेशनल हाईवे-34 पर यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरे को उजागर कर दिया है।
