छत्रपति शिवाजी राज्याभिषेक दिवस पर सपा अध्यक्ष की घोषण, लखनऊ में लगेगी स्वर्ण सिंहासन पर शिवाजी की प्रतिमा
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “भाजपा की राजनीति झूठ और नफरत पर टिकी हुई है। उसका मातृ संगठन समाज में दूरी और वैमनस्य फैलाने का कारखाना है।” उन्होंने कहा कि 2027 में उत्तर प्रदेश से भाजपा की विदाई निश्चित है। अखिलेश यादव छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक दिवस के अवसर पर समाजवादी पार्टी मुख्यालय, लखनऊ स्थित डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने शिवाजी महाराज के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। कार्यक्रम का संयोजन सरदार सेना के प्रमुख आर.एस. पटेल ने किया एवं संचालन सतेन्द्र पटेल ने किया।
छत्रपति शिवाजी महाराज की स्वर्ण सिंहासन पर बैठी भव्य प्रतिमा होगी स्थापित
लखनऊ रिवरफ्रंट पर छत्रपति शिवाजी महाराज की स्वर्ण सिंहासन पर बैठी भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसके साथ ही आगरा में शिवाजी महाराज के सम्मान में बड़ा म्यूज़ियम बनेगा। शिवाजी को पंथनिरपेक्ष, सबको साथ लेकर चलने वाला सम्राट बताते हुए कहा कि उनके सेनापति नूर खां बेग, तोपखाने के प्रमुख इब्राहिम खां और दौलत खां थे।
भाजपा सरकार पर हमला
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा शासन में भ्रष्टाचार और गरीबों की लूट चरम पर है। जनता त्रस्त है। उन्होंने कहा कि समाज को आगे बढ़ाने के लिए पीडीए (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) को एकजुट होना होगा। “उत्तर प्रदेश ही 2027 के परिवर्तन की धरती बनेगा,” उन्होंने विश्वास जताया। इस दौरान किरनमय नंदा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, राजेन्द्र चौधरी, राष्ट्रीय सचिव, श्याम लाल पाल, प्रदेश अध्यक्ष, प्रो. बी. पाण्डेय, राष्ट्रीय अध्यक्ष शिक्षक सभा, डॉ. आशुतोष वर्मा, प्रवक्ता, रोशन लाल, विधायक, सोनम बगवाड़ी, तीर्थ पुरोहित, शेख सुभान अली, अविनाश कांकड़े आदि मौजूद थे।
![]()
