आगरा में दिल दहला देने वाला अपराध, हत्या के बाद शव को झाड़ियों में फेंका, मुठभेड़ में पकड़ा गया आरोपी
आगरा/लखनऊ : यूपी के आगरा जिले में एक 16 वर्षीय किशोर की निर्मम हत्या ने पूरे इलाके को हिला दिया है। घटना आगरा के शाहगंज थाना क्षेत्र की है, जहां एक युवक ने सिर्फ इसलिए हत्या कर दी। क्योंकि, उसे ‘चोर’ कहकर चिढ़ाया जाता था। हत्या के बाद आरोपी ने सिर पर ईंट से प्रहार किए और शव को झाड़ियों में फेंककर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर इस जघन्य हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी सोहेल को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।
जानें हत्या का पूरा मामला
शाहगंज निवासी एक 16 वर्षीय किशोर अपने घर से निकला लेकिन देर रात तक नहीं लौटा। परिजनों ने रात 11 बजे पृथ्वीनाथ फाटक पुलिस चौकी में गुमशुदगी की सूचना दी। इसके बाद पथौली मार्ग पर झाड़ियों में एक किशोर का शव मिला। शव की शिनाख्त परिजनों ने किशोर के कपड़े और चेहरे से की। शव की हालत बेहद दर्दनाक थी, गला दबाया गया था और सिर पर ईंट से कई बार वार किया गया था।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की जांच की। एक फुटेज में मृतक एक युवक के साथ स्कूटी पर जाते हुए दिखाई दिया। स्कूटी चला रहा युवक सोहेल था, जो दौरैठा इलाके का निवासी है और मृतक का पुराना परिचित भी।
आरोपी ने की मुठभेड़ के दौरान फायरिंग
पुलिस पथौली मार्ग पर चेकिंग कर रही थी, तभी स्कूटी पर आता हुआ आरोपी दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की, तो उसने फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी। उसे घायलावस्था में गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
क्यों की हत्या? पुलिस पूछताछ में खुलासा
आरोपी ने बताया कि मृतक अक्सर उसे ‘चोर’ कहकर चिढ़ाता था। यह बात उसे बहुत बुरी लगती थी और उसने बदला लेने की ठान ली। वह किशोर को स्कूटी पर बैठाकर वायु विहार मार्ग पर सुनसान जगह ले गया। वहां पहले गला दबाया, फिर सिर पर ईंट से वार कर हत्या कर दी। इसके बाद शव को झाड़ियों में फेंककर वह चला गया। लेकिन वह दो बार फिर वापस लौटा यह देखने कि कहीं किशोर जिंदा तो नहीं है। वापस आकर उसने फिर से ईंट से सिर कुचला और तब जाकर वहां से भाग गया।
पांच साल पुराना परिचय, पहले भी था आपराधिक रिकॉर्ड
मृतक के पिता ने बताया कि पांच साल पहले वे आजमपाड़ा इलाके में रहते थे, जहां आरोपी पड़ोस में रहता था। वह अक्सर पिता की कपड़े की ठेल पर मदद करने आता था, लेकिन चोरी की आदतों के कारण उसे घर से दूर कर दिया गया था। बेटे से भी उसे दूर रहने की हिदायत दी गई थी। एसीपी लोहामंडी मयंक तिवारी के अनुसार, आरोपी को नवंबर 2024 में चाय वाले से धोखाधड़ी के केस में गिरफ्तार किया गया था। उसने एक बाइक शोरूम से टेस्ट ड्राइव के बहाने बाइक चुरा ली थी।
जानें क्या बोले एसीपी
एसीपी मयंक तिवारी ने मिडी को बताया कि “हत्या पूर्व नियोजित थी। आरोपी ने जानबूझकर किशोर को सुनसान स्थान पर ले जाकर हत्या की। उसने दो बार शव को देखने के लिए लौटकर क्रूरता की हदें पार कीं।”
![]()
