अमेठी/ लखनऊ : यूपी के अमेठी जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पति ने संयम, समझदारी और आत्मरक्षा का अनोखा उदाहरण पेश कर अपनी पत्नी का प्रेम प्रसंग पकड़ने के बाद बिना विवाद किए उसे उसके प्रेमी से कोर्ट मैरिज करवा दी। यह मामला अमेठी के जामो थाना क्षेत्र के दरियाव गांव का है। यहां के रहने वाले सतई की शादी 13 साल पहले कुटमारा गांव की सीमा नाम की महिला से हुई थी। यह दंपती निसंतान था और सतई को कभी भी अपनी पत्नी के किसी अफेयर की भनक तक नहीं लगी।
जानें कैसे हुआ खुलासा ?
करीब एक हफ्ते पहले सतई ने सीमा को पड़ोसी गांव खुदाई का पुरवा निवासी शिवानंद के साथ घूमते हुए देख लिया। इस पर शक गहराया और कुछ बातचीत सुनने के बाद बात पूरी तरह स्पष्ट हो गई।
पति का फैसला, ना झगड़ा, ना हंगामा
जहां कोई और होता तो मामला घरेलू विवाद में बदल सकता था, लेकिन सतई ने दिखाया धैर्य। उसने जामो थाने जाकर खुद थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह को पूरी बात बताई और पत्नी की प्रेमी से शादी कराने की इच्छा जताई। थानाध्यक्ष ने कानूनी जानकारी देकर उसे घर भेजा। इसके बाद सतई ने अपने ससुराल पक्ष से बात की और पत्नी को लिखित सहमति के साथ मायके भेज दिया।
नोटरी मैरिज और विदाई
सीमा अपने माता-पिता के साथ तिलोई तहसील पहुंची और अपने प्रेमी शिवानंद के साथ नोटरी मैरिज कर ली। अधिवक्ता राम कृष्ण भारती ने शादी की पुष्टि करते हुए बताया कि सीमा के पिता ने गवाह के रूप में दस्तखत किए। हालांकि, सतई शादी के दौरान मौजूद था, लेकिन उसने कोई हस्ताक्षर नहीं किया। शादी के बाद सीमा को प्रेमी शिवानंद के साथ खुशी-खुशी विदा कर दिया गया
जानें क्या बोला पति
सतई ने कहा कि “हर दिन किसी का शव ड्रम में मिल रहा है। कोई हनीमून पर जाकर मारा जा रहा है। मैं झगड़े में विश्वास नहीं रखता। इसलिए मैंने फैसला किया कि पत्नी को उसकी मर्जी से जीवन जीने दूं। मैं बस खुद को बचाना चाहता था।”
लोगों में चर्चा का माहौल
पूरा मामला इलाके में चर्चा का विषय बन गया है। तिलोई तहसील में जब सीमा और शिवानंद की शादी हो रही थी, तब सैकड़ों लोग देखने पहुंचे।
प्रेमी शिवानंद का बयान
शिवानंद ने कहा कि “हम कई वर्षों से एक-दूसरे को प्यार करते थे। अब हमें साथ रहने का मौका मिला है।”
![]()
