भास्कर क्रिकेट एकेडमी में 13 वर्षीय अबुजर की दर्दनाक मौत, परिवार में पसरा मातम
शामली/लखनऊ : क्रिकेट खेलने का शौक लिए एक 13 साल का मासूम बच्चा अब इस दुनिया में नहीं रहा। भास्कर क्रिकेट एकेडमी में नेट प्रैक्टिस के दौरान सीने पर लेदर बॉल लगने से अबुजर अंसारी की मौत हो गई। कक्षा 8 में पढ़ने वाला अबुजर न सिर्फ एक होनहार छात्र था, बल्कि अपने माता-पिता की इकलौती संतान भी था। शुक्रवार को जब वह रोज़ की तरह क्रिकेट सीखने गया, तो किसी ने नहीं सोचा था कि वो अपनी आखिरी बैटिंग करने जा रहा है।
सदमें में पिता बदहवास

पिता मोहम्मद अकरम, जो फेरी लगाकर कपड़े बेचते हैं। बेटे की मौत की ख़बर सुनते ही बदहवास हो गए। वह बार-बार एक ही बात दोहराते रहे “बेटा बोला था, पापा प्रैक्टिस करके आता हूं… पर कौन जानता था कि वो हमेशा के लिए चला जाएगा…”
नेट पर कर रहा था प्रैक्टिस
एकेडमी के कोच और स्कूल प्रशासन ने बताया कि अबुजर नेट पर बल्लेबाज़ी कर रहा था, तभी एक बाउंस होती गेंद उसके सीने पर लग गई। वह तुरंत ज़मीन पर गिर पड़ा और बेहोश हो गया। परिजन उसे कैराना और फिर शामली के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार “गेंद से छाती पर गहरी चोट लगने के कारण फेफड़े या दिल को नुकसान पहुंचने की उम्मीद है। हालांकि, मौत की असली वजह का पता पोस्टमार्टम के बाद ही चलेगा।
किया सुपुर्द ए खाक
शाम होते ही ग़मगीन माहौल में अबुजर को कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-ख़ाक कर दिया गया। मोहल्ले के सैकड़ों लोग उसकी अंतिम यात्रा में शामिल हुए।
![]()
