राजधानी एक्सप्रेस और काठगोदाम एक्सप्रेस दोनों हादसे से बचीं, लकड़ी के बोटे और अर्थिंग वायर के सहारे रची गई थी साजिश
आरपीएफ, जीआरपी और रेलवे अधिकारियों ने मौके पर की जांच
लखनऊ/हरदोई : यूपी के हरदोई में एक बड़ी रेल दुर्घटना होते-होते टल गई, जब अराजकतत्वों ने राजधानी एक्सप्रेस और काठगोदाम-लखनऊ एक्सप्रेस को डिरेल करने (पलटने) की साजिश रची। लखनऊ-दिल्ली रेल खंड पर दलेलनगर और उमरताली रेलवे स्टेशन के बीच ट्रैक को निशाना बनाकर अर्थिंग वायर को लकड़ी के मोटे बोटे से फंसाकर ऊपर उठा दिया गया था। इस साजिश को लोको पायलट की सूझबूझ ने विफल कर दिया। राजधानी एक्सप्रेस (20504 नई दिल्ली-डिब्रूगढ़) के पायलट ने ट्रैक पर अनियमितता महसूस होते ही इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी और खुद उतरकर ट्रैक से लकड़ी और तार हटाया। उन्होंने तत्काल स्टेशन मास्टर को सूचना दी, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई। महज कुछ देर बाद काठगोदाम से लखनऊ आ रही 15044 एक्सप्रेस ट्रेन भी उसी ट्रैक से गुज़रने वाली थी। उसके पायलट ने भी ट्रैक पर वही खतरा देखा और समय रहते ट्रेन रोक दी। दोनों पायलटों की सजगता और तत्परता से यात्रियों की जान बच गई।
तुरंत पहुंचे अफसर, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ, जीआरपी और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। हरदोई जीआरपी प्रभारी जयप्रकाश सिंह, बालामऊ आरपीएफ प्रभारी और अन्य रेल अधिकारी मौके पर ट्रैक की गहन जांच में जुट गए। ट्रैक को पूरी तरह फिट घोषित किया गया और रेल यातायात पुनः सामान्य हो सका।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी साजिशें
हरदोई में रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचाने की यह कोई पहली घटना नहीं है। कुछ समय पहले भी अराजकतत्वों ने हरदोई रेलवे स्टेशन के आउटर पर लोहे के बोल्ट रखकर ट्रेन को डिरेल करने की कोशिश की थी। वहीं, दिलावरनगर क्षेत्र में भी ट्रैक पर लकड़ी के गुटखे रखकर साजिश रची गई थी।
रेलवे की सुरक्षा पर सवाल
लगातार हो रही ऐसी घटनाएं रेलवे सुरक्षा की स्थिति पर सवाल खड़े करती हैं। यह स्पष्ट है कि असामाजिक तत्व बार-बार रेलवे को निशाना बना रहे हैं, जिससे यात्रियों की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है। रेलवे प्रशासन की कार्रवाई अपेक्षित। अब आवश्यकता है कि रेलवे प्रशासन सुरक्षा उपायों को और कड़ा करे। ट्रैक पर पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए, सीसीटीवी निगरानी और थर्मल सेंसर जैसी आधुनिक तकनीकें इस्तेमाल की जाएं, ताकि ऐसे प्रयास समय रहते रोके जा सकें।
![]()
