प्रो. विश्वंभर नाथ मिश्र के तुलसी घाट स्थित आवास पर बड़ी चोरी, तीन पीढ़ियों के खानदानी जेवरात और तीन लाख रुपये नकद चोरी
पुलिस की पांच टीमें जांच में जुटीं, नौकरों पर शक
लखनऊ/वाराणसी : यूपी के वाराणसी स्थित प्रसिद्ध श्री संकटमोचन मंदिर के महंत और आईआईटी बीएचयू के प्रोफेसर विश्वंभर नाथ मिश्र के तुलसी घाट स्थित निजी आवास पर करोड़ों रुपये मूल्य के जेवरात और तीन लाख रुपये नकद की चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। चोरी की जानकारी उस समय हुई जब प्रो. मिश्र दिल्ली से लौटे और अपने आवास पहुंचे।
दरवाजे की कुंडी टूटी, अलमारी खुली मिली

प्रो. मिश्र जब एयरपोर्ट से तुलसी घाट स्थित अपने आवास पर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि आवास के प्रथम तल का दरवाज़ा टूटा हुआ है और अंदर की दो अलमारियाँ खुली पड़ी हैं। स्टाफ सूरज मिश्रा ने उन्हें पहले ही फोन पर सूचना दी थी कि कमरे का पिछला दरवाजा खुला हुआ है। मौके पर पहुँचे प्रो. मिश्र और उनके जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार पांडेय ने देखा कि नकदी और कीमती गहने गायब हैं।
तीन पीढ़ियों के जेवरात चोरी, कीमत करोड़ों में

प्रो. मिश्र की पत्नी आभा मिश्रा ने फोन पर बताया कि तीन पीढ़ियों से संजोकर रखे गए गहने, जिनमें डायमंड, रूबी, एमराल्ड और गोल्ड के सेट शामिल थे, चोरी हो गए हैं। चुराए गए सामान की अनुमानित सूची में शामिल हैं। इसमें दादी की दी हुई 4 चूड़ियाँ, सोने के 2 कड़े, 2 नवरत्न कड़े, डायमंड सेट (हार, इयररिंग्स, अंगूठी, चूड़ियाँ), डायमंड ब्रेसलेट्स – 5, पन्ना, माणिक, पर्ल व मीना सेट, स्वरोस्की ज्वेलरी 4 सेट, कुल लगभग 25 ब्रेसलेट्स और कड़े, नकद तीन लाख रुपये
सीसीटीवी में दिखे तीन संदिग्ध युवक

पुलिस जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर सामने आया है कि सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे के बीच चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। फुटेज में तीन युवक महंत आवास के मेन गेट से तीन झोलों के साथ बाहर जाते नजर आ रहे हैं।
नौकरों पर शक, पहले भी हो चुकी है चोरी
पुलिस को शक है कि यह भीतर की साजिश हो सकती है, क्योंकि चोरों को घर के अंदर की पूरी जानकारी थी। वर्तमान और पूर्व नौकरों से पूछताछ की जा रही है। उल्लेखनीय है कि दिसंबर 2011 में भी महंत आवास परिसर स्थित हनुमान मंदिर से रामचरित मानस की दुर्लभ पांडुलिपि और कलाकृतियाँ चोरी हुई थीं।
डीसीपी बोले,जल्द होगा खुलासा
काशी जोन के डीसीपी गौरव बंसवाल ने मीडिया को बताया कि चोरी के इस मामले में पुलिस की पांच टीमें गठित की गई हैं और जल्दी ही घटना का खुलासा किया जाएगा। “सीसीटीवी में तीन युवक झोले लेकर निकलते दिखे हैं। मामले में घर के अंदर काम करने वाले कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध है। जल्द गिरफ्तारी होगी।”
![]()
