बरेली के भुता थाना क्षेत्र में हुआ हादसा, ड्यूटी पर जा रहे थे दोनों युवक, गांव में पसरा मातम
बरेली : यूपी के बरेली जिले के भुता थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही जान चली गई। इस दुखद घटना ने दोनों परिवारों को गहरे शोक में डुबो दिया है।
ड्यूटी के लिए निकले थे दोनों युवक
थाना क्षेत्र के कौआ खेड़ा गांव निवासी मनोहर लाल के 17 वर्षीय बेटे मोनू और पीलीभीत निवासी साधु के 25 वर्षीय बेटे शिवम, जो काफी समय से कौआ खेड़ा में ही रह रहा था। यह दोनों बाइक से बरेली ड्यूटी पर जा रहे थे। शिवम एक होटल में सफाई कर्मचारी के रूप में काम करता था और मोनू भी नौकरी की तलाश में था।
तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर, मौत के बाद मचा कोहराम
जब दोनों युवक अहरौला और रसूल गांव के बीच पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही भूता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मोनू और शिवम की पहचान ऐसे हुई
मृतकों की पहचान मोनू की जेब में मिले कागजातों और मोबाइल फोन से की गई। परिजनों को सूचना दी गई तो घरों में कोहराम मच गया। मोनू के पिता मनोहर ने बताया कि उन्हें हादसे की खबर फोन कॉल के जरिए मिली। मोनू अपने तीन बहनों और दो भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी मां कमला बेटे की मौत की खबर सुनकर बेसुध हो गईं, तो वहीं, शिवम की पत्नी संगीता की हालत रोते-रोते बिगड़ गई है। उन्होंने बताया कि पांच साल पहले बिहार से उनकी शादी हुई थी। शिवम परिवार की आर्थिक स्थिति संभालने के लिए होटल में नौकरी करता था।
पुलिस ने दर्ज किया केस, वाहन की तलाश जारी
भुता थाने की पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। इन दोनों युवकों की मौत के बाद गांव कौआ खेड़ा में मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषी वाहन चालक को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा दी जाए और मृतकों के परिवार को आर्थिक मदद दी जाए।
![]()
