बरेली : यूपी के बरेली के थाना किला क्षेत्र अंतर्गत पंजाबपुरा स्थित सैदपुरिया गली में मौजूद प्राचीन हनुमान मंदिर पर अवैध कब्जे और उत्पात की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। श्रद्धालु जहां शांतिपूर्वक पूजा-अर्चना करना चाहते हैं, तो वहीं एक परिवार द्वारा मंदिर परिसर में अवैध रूप से कब्जा जमाकर वहां रहना और उत्पात मचाना स्थानीय लोगों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गया है।
शराबी की गाली-गलौज से महिलाएं और श्रद्धालु परेशान
स्थानीय निवासियों ने बताया कि मंदिर में रह रहा अजय पांडे नामक युवक नशे में धुत होकर आए दिन गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करता है। जिससे श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं और बुजुर्गों को पूजा में भारी कठिनाई होती है। यह व्यवहार मंदिर की पवित्रता और धार्मिक गरिमा का सीधा उल्लंघन है।
कई बार शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं
लोगों ने बताया कि कई बार थाना किला और गढ़ी चौकी में इस विषय में शिकायत की गई, परन्तु पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। 4 मई को की गई शिकायत के बाद गढ़ी चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंचे भी थे और उन्होंने आरोपी को नशे की हालत में देखा, लेकिन केवल फोटो खींचकर सुबह आने का आश्वासन देकर चले गए, और उसके बाद मामला वहीं ठप रह गया।
डीएम और एसपी को सौंपी गई लिखित शिकायत
मोहल्ले की महिलाओं ने हिंदू संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ जिला अधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर लिखित शिकायत पत्र सौंपा। शिकायत में मांग की गई है कि मंदिर परिसर को अतिक्रमण से मुक्त कर धार्मिक स्थलों की गरिमा की रक्षा की जाए और अजय पांडे जैसे लोगों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। इस प्रतिनिधिमंडल में सरिता, शिल्पी, संगीता, रविकांत सहित कई स्थानीय नागरिक मौजूद थे। सभी ने एक स्वर में कहा कि मंदिर का माहौल अशांत करने वाले तत्वों को तुरंत हटाया जाए।
स्थानीय जनता की मांग,मंदिर को मिले सुरक्षा और सम्मान
क्षेत्रवासियों ने स्पष्ट किया कि मंदिर न सिर्फ धार्मिक आस्था का केंद्र है बल्कि मोहल्ले की संस्कृति और परंपरा का प्रतीक भी है। प्रशासन से मांग की गई है कि वह बिना देरी किए मंदिर परिसर को अवैध कब्जे से मुक्त कराए, वहां की सुरक्षा सुनिश्चित करे और नियमित पुलिस निगरानी की व्यवस्था करे।
![]()
