चार लाख चुकाने के बाद भी मिल रही थी धमकी, फोन पर गालियां और जान से मारने की धमकियां बनीं आत्महत्या की वजह
बरेली : उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में सूदखोरी की दरिंदगी ने एक और जान ले ली। शहर के सुभाष नगर थाना क्षेत्र के मढ़ीनाथ इलाके में 43 वर्षीय दीप सक्सेना ने कर्ज चुकाने के बावजूद सूदखोरों की लगातार प्रताड़ना और धमकियों से तंग आकर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। दीप को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां मंगलवार देर रात उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। यह खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया और इलाके में भी सनसनी फैल गई।
आठ साल पुराना कर्ज, चार लाख लौटाने के बाद भी नहीं मिली राहत
जानकारी के अनुसार, दीप सक्सेना एक प्राइवेट नौकरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। करीब आठ साल पहले उन्होंने सुभाष नगर निवासी एक व्यक्ति से दो लाख रुपये का कर्ज लिया था, जिसके बदले उन्होंने अपनी कार और स्कूटर राम वाटिका निवासी एक व्यक्ति के पास गिरवी रख दी थी। परिजनों का कहना है कि दीप ने अब तक करीब चार लाख रुपये चुका दिए थे, जो मूलधन से दोगुनी राशि थी। इसके बावजूद सूदखोर की मांगें बढ़ती रहीं। वह आए दिन दीप को फोन पर गालियां देता था और जान से मारने की धमकी देता था।
तनाव में आकर खाया ज़हर, पिता को फोन पर बताई पूरी बात
मंगलवार को मानसिक रूप से टूट चुके दीप ने जहरीला पदार्थ खा लिया। इसके बाद उन्होंने खुद ही अपने पिता नरेंद्र कुमार सक्सेना को फोन कर पूरी बात बताई। परिजनों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण रात में उनकी मौत हो गई। दीप की पत्नी आकांक्षा और उनका छोटा बेटा सदमे में हैं। पूरा परिवार इंसाफ की गुहार लगा रहा है।
पुलिस जांच में जुटी, सूदखोरी नेटवर्क की हो रही जांच
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। सुभाष नगर थाना पुलिस और खुफिया टीमें सूदखोरी नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही हैं। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि कहीं मामला संगठित अवैध कर्ज वसूली गिरोह से तो जुड़ा नहीं है।
![]()
