अहमदाबाद/ लखनऊ : गुरुवार को अहमदाबाद एयरपोर्ट से टेकऑफ के चंद सेकंड बाद ही एअर इंडिया की फ्लाइट AI-171 दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान ने जैसे ही 625 फीट की ऊंचाई छुई, तो वह तकनीकी खराबी के चलते आवासीय क्षेत्र में क्रैश हो गया। इस दिल दहला देने वाले हादसे में अब तक 241 से मौतें हो चुकी हैं, लेकिन चमत्कार की तरह एक व्यक्ति सीट नंबर 11A पर बैठा हुआ जिंदा बच गया।
रमेश विश्वास कुमार, मौत को मात देने वाला अकेला ज़िंदा यात्री
अहमदाबाद निवासी रमेश विश्वास कुमार, उम्र 40 वर्ष, इस हादसे में एकमात्र व्यक्ति हैं जो चमत्कारिक रूप से बचे। पुलिस कमिश्नर जीएस मलिक के मुताबिक, सीट 11A पर रमेश को जीवित पाया गया। वह खुद मलबे से बाहर निकलकर लाशों के बीच चलते हुए अस्पताल पहुंचे, और बोले “मैं जब होश में आया, तो चारों ओर लाशें और विमान के टुकड़े बिखरे थे… मैं डर गया, लेकिन फिर खुद को संभाला और जैसे-तैसे भागकर बाहर निकला,”।
भाई के लिए दर-ब-दर…
रमेश अपने भाई अजय के साथ यात्रा कर रहे थे, जो अलग पंक्ति में बैठे थे। हादसे के बाद अजय लापता हैं। रमेश ने मीडिया से भावुक अपील करते हुए कहा “वो मेरे साथ ही विमान में थे… अब नहीं मिल रहे… कृपया उनकी तलाश में मदद कीजिए।”
हादसे के पीछे भारी ईंधन भी एक कारण?
राज्यसभा सांसद राजीव प्रताप रूडी ने बताया कि बोइंग 787 जैसे विमान में 80-90 टन ईंधन होता है। यही कारण रहा कि क्रैश के बाद तेज धमाका और भीषण आग ने सब कुछ जला डाला। विमानन विशेषज्ञों के अनुसार, हादसे के वास्तविक कारण की जांच DGCA और एयरक्राफ्ट एक्सपर्ट्स की टीम करेगी।
50 से ज्यादा घायल, कई गंभीर
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी विधि चौधरी ने मीडिया को बताया कि अस्पतालों में 50 से अधिक लोग भर्ती हैं। जिनमें कुछ की हालत नाजुक है। रमेश का इलाज अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में चल रहा है।
![]()
