अलीगढ़ में प्रेम और विश्वास को शर्मसार करने वाला मामला
दूल्हे ने इश्क परवान चढ़ने पर दुल्हन की मां को गिफ्ट किया था मोबाइल, फोन पर तलाश न करने की दी चेतावनी
अलीगढ़ : उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से एक ऐसा चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जिसने रिश्तों की गरिमा और सामाजिक मर्यादा को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक महिला अपनी ही बेटी की शादी से ठीक आठ दिन पहले अपने दामाद के साथ फरार हो गई, और जाते-जाते घर से करीब 2.50 लाख रुपये की नकदी और सोने-चांदी के गहने भी ले उड़ी। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर गुमशुदगी दर्ज कर ली है।
16 फरवरी को आनी थी बारात, बेटी का रो रोकर बुरा हाल
यह मामला अलीगढ़ के थाना क्षेत्र के मडराक थाना क्षेत्र इलाके का है। स्थानीय निवासी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बेटी की शादी 16 फरवरी 2025 को तय थी। इसके लिए घर में ज़ोर-शोर से तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इसी बीच उसकी पत्नी और बेटी का मंगेतर (दामाद) अचानक लापता हो गए। पहले तो परिजन किसी अनहोनी की आशंका से परेशान थे, लेकिन जब घर की तलाशी ली गई तो यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि घर से 2.50 लाख की नकदी और ज्वेलरी भी गायब है। मगर, इस घटना के बाद दुल्हन का रो रोकर बुरा हाल है।
मां-बेटी के रिश्ते पर लगा कलंक
पुलिस की जांच में सामने आया कि दूल्हे और सास के बीच पिछले कुछ महीनों से नज़दीकियां बढ़ रही थीं। दूल्हे ने अपनी होने वाली सास को मोबाइल गिफ्ट किया था। इससे दोनों अक्सर एक-दूसरे से बात करते थे। पीड़ित परिवार के अनुसार, दूल्हे ने अपने पिता को फोन पर धमकी दी कि उन्हें ढूंढने की कोशिश न करें, वरना अंजाम बुरा होगा।
सपनों की शादी टूटी, बेटी सदमे में
जिस घर में शहनाइयों की गूंज होनी थी। वहां अब सन्नाटा पसरा हुआ है। बेटी इस घटना से बुरी तरह टूट चुकी है। परिवार ने पुलिस से गुहार लगाई है कि जल्द से जल्द दोनों को तलाश कर कानून के हवाले किया जाए और आर्थिक नुकसान की भी भरपाई हो।
पुलिस ने दर्ज किया केस, तलाश जारी
पुलिस ने मीडिया को बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। “हमने मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच शुरू कर दी है। दोनों की तलाश जारी है। आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, विश्वासघात और चोरी की धाराओं में केस दर्ज किया गया है।”
रिश्तों को किया कलंकित
इस घटना ने समाज में रिश्तों की परिभाषा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस महिला को बेटी की सबसे बड़ी भरोसेमंद साथी माना जाता है। उसी ने उसकी खुशियों का घर उजाड़ दिया। हालांकि, इस मामले में पुलिस की जांच के बाद ही सच्चाई पूरी तरह सामने आ सकेगी।
