Bareilly News: शनिवार को तहसील फरीदपुर में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार एवं एसएसपी अनुराग आर्य की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जनता की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को शीघ्र, प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए। समाधान दिवस में रोड पर अवैध कब्जा, दिव्यांग पेंशन, राशन कार्ड सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं सामने आईं। गांव लौंगपुर के निवासी ने भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार व एसएचओ को कार्रवाई के निर्देश दिए।एक अन्य शिकायत में ग्रामीण ने बताया कि उसके घर के सामने सार्वजनिक रास्ते पर कब्जा कर लिया गया है। डीएम ने इस पर भी त्वरित जांच व आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
जिलाधिकारी ने IGRS पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की और जिन गांवों से चार या अधिक शिकायतें हैं, वहां स्वयं जाकर जांच करने के आदेश दिए। साथ ही, यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि शिकायतकर्ता से फोन पर बात कर संतुष्टि की पुष्टि की जाए।
राशन कार्ड वितरित, स्टालों का निरीक्षण
समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने तहसील परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए जनकल्याणकारी स्टालों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर जीरो पोवर्टी अभियान के तहत 11 अंत्योदय एवं 4 पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को राशन कार्ड वितरित किए गए।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विश्राम सिंह, जिला विकास अधिकारी दिनेश कुमार यादव, उपजिलाधिकारी मलिका नयन, तहसीलदार फरीदपुर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
