लखनऊ : सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा सरकार के अन्य नेता समाजवादी सरकार के कार्यों का ही उद्घाटन कर रहे हैं, जबकि खुद उन्होंने आठ वर्षों के कार्यकाल में कोई ठोस विकास कार्य नहीं किया है।
“हर समाजवादी काम, जनता के नाम”: अखिलेश यादव
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा आज कानपुर में जिन विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया जा रहा है। वह सभी समाजवादी सरकार के दौरान शुरू हुई थीं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पनकी तापीय विस्तार योजना, नेवेली लिग्नाइट पावर प्लांट, और कानपुर मेट्रो प्रोजेक्ट की नींव समाजवादी सरकार ने रखी थी। अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए पूछा, “भाजपा बताए कि कानपुर की ‘लाल इमली’ मिल को लेकर उनकी सरकार की कोई योजना है क्या?”। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि लखनऊ और नोएडा मेट्रो, जिनका उद्घाटन प्रधानमंत्री से कराया गया था, समाजवादी पार्टी की देन हैं।
“भाजपा की ईमानदारी की टंकी फट गई है”
भ्रष्टाचार पर भाजपा को घेरते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड तोड़ चुकी है। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन, जो theoretically हर घर तक शुद्ध जल पहुंचाने का अभियान था। भाजपा सरकार में “लूट का मिशन” बन गया है।
उन्होंने दो हालिया घटनाओं का किया उल्लेख
लखीमपुर में अप्रैल में पानी की टंकी फटी थी। मगर, अब सीतापुर में मई में टंकी फटने की घटना घटी है। इन घटनाओं को अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार की असफल नीतियों और भ्रष्ट कार्यशैली का प्रमाण बताया। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, “लगता है जून में कहीं और भाजपा की तथाकथित ईमानदारी का डंका फटेगा।”
“भाजपा कर रही है जनता से छल”
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने दावा किया कि समाजवादी सरकार के कार्य विश्वस्तरीय और जनता के हित में थे। जिनमें आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे, इकाना अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, आईटी सिटी, और जनेश्वर मिश्र पार्क जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट शामिल हैं। इसके उलट, भाजपा सरकार की अधिकतर योजनाएं भ्रष्टाचार की शिकार हो चुकी हैं। जल जीवन मिशन जैसी योजनाएं भाजपा के शासन में पूरी तरह से अव्यवस्थित और अपारदर्शी रही हैं।
![]()
