संभल : यूपी के जनपद संभल में पुलिस महकमे में बड़े स्तर पर फेरबदल किया गया। चर्चित क्षेत्राधिकारी (सीओ) अनुज चौधरी, जो हाल ही में अपने विवादित बयानों के कारण सुर्खियों में थे। उनको चंदौसी सर्किल स्थानांतरित कर दिया गया है। उनकी जगह एसपी आलोक कुमार को संभल सर्किल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई के निर्देश पर किए गए इस प्रशासनिक बदलाव में कुल तीन सर्किलों में अधिकारियों की अदला-बदली की गई है।
अनुज चौधरी के बयान से उपजा विवाद
सीओ अनुज चौधरी हाल ही में होली और जुमा को लेकर दिए गए अपने बयान के चलते विवादों में आ गए थे। पीस कमेटी की बैठक में उन्होंने कहा था कि “होली साल में एक बार आती है, जुमा 52 बार आता है। रंग से परहेज है, तो घर से बाहर न निकलिए। अगर ईद की सिवइयां खिलानी हैं, तो होली की गुजिया भी खानी पड़ेगी।”इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था, जिसके बाद चौतरफा आलोचना शुरू हो गई।
क्लीनचिट निरस्त, होगी दोबारा जांच
पहले इस बयान पर की गई आंतरिक जांच में उन्हें क्लीनचिट दी गई थी, लेकिन अब वह क्लीनचिट निरस्त कर दी गई है। आज़ाद अधिकार सेना के अध्यक्ष और पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर की आपत्ति के बाद यह निर्णय डीजीपी कार्यालय से लिया गया है। अब इस पूरे मामले की दोबारा जांच होगी। एएसपी श्रीश्चंद्र को दोबारा जांच अधिकारी बनाया गया है। उन्होंने शिकायतकर्ता को तीन दिनों में साक्ष्य और बयान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। ठाकुर का आरोप है कि अनुज चौधरी लगातार वर्दी और सेवा नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं, और अपने बयानों से माहौल को सांप्रदायिक रंग दे रहे हैं। इसके साथ ही यह भी कहा गया कि एक विशेष समुदाय में भय और असुरक्षा की भावना उत्पन्न हो रही है।
इन सीओ के भी हुए तबादले
सीओ बहजोई डॉ. प्रदीप कुमार सिंह को हटाकर अब उन्हें यातायात सर्किल की जिम्मेदारी दी गई है। अब तक ट्रैफिक सीओ रहे संतोष कुमार सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है और उन्हें यूपी डायल 112 की जिम्मेदारी सौंपी गई है। चंदौसी सर्किल में तैनात सीओ आलोक सिद्धू को बहजोई सर्किल की कमान सौंपी गई है। एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने इस फेरबदल को नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया बताया है।
