वृंदावन/मथुरा : यूपी के वृंदावन स्थित राधेश्याम आश्रम के ट्रांसफार्मर कक्ष में शुक्रवार रात एक रूटीन चेकिंग ऑपरेशन के दौरान करंट लगने से दो बिजली कर्मियों की मौके पर मौत हो गई। चश्मदीदों और प्रबंधन के अनुसार, एसडीओ संदीप वार्ष्णेय, जेई (मीटर) ऋषभ, और तीन निजी विद्युतकर्मी विनोद, हरेंद्र और रामू ट्रांसफार्मर की जांच के लिए मौके पर पहुंचे थे।
लाइन शटडाउन के बाद हुआ हादसा
टीम ने लाइन का शटडाउन लेकर चेकिंग शुरू की थी। यहां चेकिंग का काम चल रहा था और लाइन को दोबारा चालू किया गया। उसी वक्त विनोद और हरेंद्र को तेज करंट लग गया। दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बिजली विभाग में हड़कंप, जांच शुरू
इस दर्दनाक हादसे के बाद बिजली विभाग के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे। वरिष्ठ प्रशासनिक और तकनीकी अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। विभाग ने मृतक कर्मचारियों के परिजनों को हरसंभव आर्थिक और प्रशासनिक सहायता देने का आश्वासन दिया है।
कहीं कार्य प्रणाली की चूक तो नहीं
प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि शटडाउन के बावजूद किसी स्तर पर सुरक्षा मानकों में लापरवाही हुई। जिसके कारण लाइन अनजाने में चालू हो गई। यह मामला विद्युत विभाग की कार्य प्रक्रिया और सुरक्षा उपायों पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है।
