लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने वरिष्ठ पत्रकार और ट्रेड यूनियन नेता श्री के. विक्रम राव के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए, शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अपने शोक संदेश में कहा कि, “के. विक्रम राव जी का निधन पत्रकारिता जगत की अपूरणीय क्षति है। वे निर्भीक पत्रकारिता के प्रतीक थे। जिन्होंने सदा जनहित और लोकतंत्र की रक्षा के लिए कलम चलाई।” उन्होंने कहा कि राव जी ने पत्रकारों के अधिकारों की आवाज को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाया।
पत्रकारिता को मिला एक मजबूत स्तंभ
सपा प्रमुख यादव ने याद किया कि के. विक्रम राव ने पत्रकारों की एकजुटता, उनके हक और सम्मान के लिए जीवन भर संघर्ष किया। भारतीय कामकाजी पत्रकार महासंघ (IFWJ) के माध्यम से उन्होंने पत्रकारों की आवाज़ को प्रभावी मंच दिया। उन्होंने कहा कि “उनकी लेखनी निष्पक्षता, साहस और जनपक्षधरता की मिसाल रही है। पत्रकारिता के क्षेत्र में उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।”
समाजवादी पार्टी की ओर से श्रद्धांजलि
समाजवादी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने भी के. विक्रम राव के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वह पत्रकारों के अधिकारों की आवाज़ और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर निर्भीकता से कलम चलाने वाले पत्रकार थे। समाजवादी पार्टी परिवार की ओर से दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि और परिजनों को इस दुःख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की गई।
