लखनऊ : यूपी की राजधानी लखनऊ से रविवार रात एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक कपड़ा कारोबारी ने अपनी पत्नी और बेटी के साथ आत्महत्या कर ली। यह घटना चौक थाना क्षेत्र के अशरफाबाद मोहल्ले की है। सुबह जब परिवार के अन्य सदस्य फ्लैट पर पहुंचे, तो वहां का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। शोभित (48 वर्ष), उनकी पत्नी सुचिता (45 वर्ष) और बेटी ख्याति (16 वर्ष) बेहोश हालत में मिले। तीनों के मुंह से झाग निकल रहा था। जिससे जहरीला पदार्थ खाकर जान देने की आशंका जताई जा रही है।
सुसाइड नोट में क्या लिखा था ?
मौके से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। जिसमें कारोबारी ने बढ़ते कर्ज और आर्थिक तंगी को आत्महत्या का कारण बताया है। उन्होंने लिखा कि “अब और नहीं सह पा रहा हूं। कर्ज ने जीवन नर्क बना दिया है। हमने ये फैसला मिलकर लिया है, किसी को दोष न दें।”इस नोट ने घरवालों और पड़ोसियों को झकझोर कर रख दिया है। परिवार के लोगों का रो-रो कर बुरा हाल है।
कपड़ा कारोबारी था मृतक
मृतक शोभित, राजाजीपुरम में कपड़े की दुकान चलाते थे। वह पिछले कुछ समय से आर्थिक संकट से जूझ रहे थे। आसपास के लोगों ने बताया कि शोभित कम बोलने वाले और शांत स्वभाव के थे, लेकिन हाल के महीनों में वह अक्सर परेशान दिखते थे। चौक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला है, लेकिन हर एंगल से जांच जारी है।
जानें क्या बोले इंस्पेक्टर
थाना प्रभारी चौक ने मीडिया को बताया कि”सुसाइड नोट के आधार पर जांच की जा रही है। परिवार के अन्य सदस्यों से भी पूछताछ हो रही है।”
