लखनऊ/ बुलंदशहर : यूपी के बुलंदशहर में रिश्तों को शर्मसार करने वाला चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक मामा, अपनी ही शादीशुदा भांजी को ससुराल से लेकर फरार हो गया। पीड़ित पति रूपेश, जो दिव्यांग है, पत्नी की तलाश में थाने के चक्कर काट रहा है, लेकिन पुलिस की कार्यशैली से निराश होकर अब उसने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई है।
जानें क्या है पूरा मामला?
बुलंदशहर कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव मुरसाना निवासी रूपेश की शादी पूजा (38 वर्ष) से हुई थी। रूपेश के अनुसार, 15 मई की शाम 6 बजे उसकी पत्नी पूजा अचानक घर से लापता हो गई। रूपेश ने मीडिया को बताया कि पूजा अक्सर सम्भल निवासी सोनू गिरी को अपना “मामा” बताती थी, जो अक्सर उनके घर आता-जाता था। अब रूपेश का आरोप है कि पूजा उसी सोनू गिरी के साथ फरार हो गई है।
मोबाइल नंबर भी बंद, लेकिन रात को होते हैं एक्टिव
रूपेश का कहना है कि पूजा और सोनू दोनों के मोबाइल नंबर 15 मई की शाम से बंद हैं, लेकिन रात 12 बजे के बाद कभी-कभी एक्टिव होते हैं। 3-4 दिन पहले रूपेश की पूजा से फोन पर बात हुई, लेकिन उसने हर बार अलग-अलग शहरों में होने की बात कही। रूपेश ने आरोप लगाया है कि उसने पुलिस को साफ-साफ बता दिया कि सोनू गिरी संभल जिले के सोनल पट्टी गांव का रहने वाला है, फिर भी पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी की कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़ित का यह भी कहना है कि वह शारीरिक रूप से दिव्यांग है और उसे थाने आना-जाना भारी पड़ता है, लेकिन फिर भी थाना पुलिस संवेदनहीनता दिखा रही है। इस मामले पर एएसपी ऋजुल का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि “पीड़ित की तहरीर पर एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। आरोपी की गिरफ्तारी और विवाहिता की बरामदगी को प्राथमिकता दी जा रही है। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।”
![]()
