जौनपुर दौरे पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भाजपा सरकार को हर मोर्चे पर घेरा
लखनऊ/जौनपुर : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि अब तो सुप्रीम कोर्ट ने भी मान लिया है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज़ नहीं बची है। श्री यादव ने कहा कि अधिकारी बेलगाम हो चुके हैं, निर्दोष लोगों को झूठे मुकदमों में फंसाया जा रहा है, और भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। सपा प्रमुख मंगलवार को जौनपुर में खुटहन की पूर्व ब्लॉक प्रमुख सरजू देई के दिवंगत पति धर्मराज यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे थे। इस मौके पर मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने प्रदेश सरकार की कार्यशैली और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए।
जौनपुर में बढ़ते अपराध और फर्जी एनकाउंटर पर उठाए सवाल
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “जौनपुर में लगातार हत्याएं हो रही हैं। एक पुजारी की हत्या में खुद पुलिसकर्मी जेल में हैं। एक बच्चे को सिर्फ इसलिए मार दिया गया क्योंकि वह टिक-टॉक बना रहा था, न जाने कितने बेगुनाहों की जान ली जा चुकी है। डकैती के एक मामले में पुलिस ने फर्जी एनकाउंटर किया और जब सवाल उठे तो ‘बैलेंस’ करने के लिए एक निर्दोष क्षत्रिय युवक की भी हत्या कर दी गई।”
वक्फ बिल को बताया ध्यान भटकाने का तरीका
भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए उन्होंने कहा, “सरकार अपनी नाकामी छिपाने के लिए वक्फ बिल लेकर आई है। स्वास्थ्य और शिक्षा प्रणाली को बर्बाद करने के बाद, अब भाजपा लोगों का ध्यान असल मुद्दों से भटकाना चाहती है। समाजवादी पार्टी ने लोकसभा में वक्फ कानून का विरोध किया है और इसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं करेगी।”
भाजपा सरकार में विकास कार्य ठप: मेडिकल कॉलेज, बिजली, सेवाएं सब अधूरी
उन्होंने कहा कि जौनपुर का मेडिकल कॉलेज समाजवादी सरकार में शुरू हुआ था, लेकिन भाजपा सरकार उसे पूरा नहीं कर सकी। “आज वह भवन अधूरा पड़ा है, इलाज नहीं मिल रहा। एम्बुलेंस सेवा 108, 102 और डायल 100 पुलिस सेवा भी बर्बाद हो गई है। भाजपा सरकार ने 8 वर्षों में एक भी यूनिट बिजली उत्पादन नहीं बढ़ाया, सिर्फ मीटर लगा रही है और जनता पर महंगी बिजली थोप रही है।”
महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल, पुलिस खुद अपराध में शामिल
महिलाओं की सुरक्षा को लेकर श्री यादव ने कहा, “उत्तर प्रदेश में महिलाएं सबसे ज्यादा असुरक्षित हैं। वाराणसी की हालिया घटनाएं इसका प्रमाण हैं। बरेली में पुलिस ने ही अपहरण किया, और अब पुलिस खुद ही पुलिस को ढूंढ रही है। पुलिस पर पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज हो रही है—ऐसी अराजकता यूपी में पहले कभी नहीं देखी गई।”
राज्यसभा बयान विवाद पर सफाई और चेतावनी
समाजवादी सांसद रामजी लाल सुमन के राज्यसभा के बयान को लेकर उठे विवाद पर अखिलेश यादव ने कहा, “जब उन्होंने अपना शब्द वापस ले लिया और वह राज्यसभा की कार्यवाही से भी हटा दिया गया, तो अब किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए।” उन्होंने कहा, “जो सेना भाजपा सरकार सड़कों पर उतार रही है, वो हिटलर की तर्ज पर बनाई गई टूपर्श जैसी लगती है। अगर श्री सुमन के साथ कुछ होता है तो इसके लिए सीधे मुख्यमंत्री जिम्मेदार होंगे।”
महंगाई, बेरोजगारी चरम पर, 2027 में भाजपा का होगा सफाया
अखिलेश यादव ने कहा कि देश और प्रदेश में महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है। भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा का सफाया होगा और समाजवादियों की सरकार बनेगी। उन्होंने अंत में कहा, “आज जनता पीड़ित है, और पीडीए (पिछड़ा-दलित-अल्पसंख्यक) हर पीड़ित, दुःखी, वंचित के साथ खड़ा है।”
