लखनऊ/जौनपुर : यूपी के जौनपुर जिले में एक ही परिवार के तीन लोगों की बेरहमी से हत्या ने पूरे इलाके को दहला दिया है। जिले के जफराबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहम्मदपुर कांध गांव निवासी लालजी और उनके दो बेटों की रविवार देर रात चूड़ी पॉलिश वर्कशॉप में सिर पर वार कर हत्या कर दी गई। हत्या में रॉड और हथौड़े जैसे भारी औजारों का इस्तेमाल हुआ है।
सुबह रिश्तेदार पहुंचा तो खुला हत्याकांड का राज

रविवार रात लालजी (50 वर्ष) अपने बेटे यादवीर (32 वर्ष) और गुड्डू (25 वर्ष) के साथ वर्कशॉप में ही रुक गए थे। सोमवार सुबह एक रिश्तेदार नाश्ता लेकर दुकान पर पहुंचा, तो उसने वहां खून से लथपथ तीनों की लाशें पड़ी देखीं। कमरे की हालत देखकर प्रतीत होता है कि हमलावरों ने बहुत ही बेरहमी से वार किया। कमरे में चारों ओर खून फैला हुआ था।
पुलिस ने शव हटाए, परिजन भड़के, चक्काजाम
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर कई थानों की फोर्स पहुंच गई। पुलिस ने परिजनों के पहुंचने से पहले ही शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। जिससे परिजन आक्रोशित हो गए। उन्होंने शवों को न देख पाने पर मौके पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। हालांकि, पुलिस के समझाने के बाद परिजन पोस्टमार्टम हाउस के लिए रवाना हुए।
हत्या का हथियार मिला, CCTV DVR गायब
मौके पर जांच करने पहुंचे पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वर्कशॉप में हत्या में प्रयुक्त हथौड़ा मिला है, लेकिन CCTV सिस्टम का DVR गायब है। DVR को आलमारी का ताला तोड़कर निकाला गया। जिससे यह संदेह गहरा गया है कि हत्याकांड में कोई परिचित ही शामिल हो सकता है। DVR गायब करने का मकसद साफ है सबूत मिटाना।
परिवार से हो रही पूछताछ, हत्यारों की तलाश में टीमें गठित
पुलिस अधीक्षक के अनुसार हत्या की जांच के लिए कई टीमें बनाई गई हैं। परिवार के लोगों से पूछताछ जारी है और शक के आधार पर कुछ नामों की पहचान की जा रही है। जल्द ही संदिग्धों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जाएगी। एसपी ने मीडिया को बताया कि “सोमवार सुबह नेवादा अंडरपास के पास तीन लोगों की हत्या की सूचना मिली। मृतकों की पहचान लालजी, उनके पुत्र यादवीर और गुड्डू के रूप में हुई है। घटनास्थल की बारीकी से जांच की गई है। हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें काम कर रही हैं।”
यह हैं बड़े सवाल
आखिर तीन लोगों की एकसाथ इतनी बेरहमी से हत्या क्यों की गई?। क्या ये कोई पुरानी रंजिश थी?। CCTV DVR का गायब होना क्या किसी साजिश की ओर इशारा करता है?। पूरे जिले में दहशत का माहौल है। लोग यह जानने को बेचैन हैं कि आखिर तीन लोगों को इस तरह मौत के घाट उतारने के पीछे कौन और क्या वजह थी।
![]()
