लखनऊ : किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU), लखनऊ में तैनात एक युवा नर्सिंग ऑफिसर की अचानक कार्डियक अरेस्ट (हृदयगति रुकना) से मृत्यु हो गई। 29 वर्षीय राजेंद्र कुमार यादव की असमय मौत से चिकित्सा विश्वविद्यालय और नर्सिंग समुदाय में गहरा शोक व्याप्त है।
राजस्थान निवासी थे राजेंद्र यादव, परिवार सहित लखनऊ में रह रहे थे
राजस्थान के जयपुर जिले के मूल निवासी राजेंद्र कुमार यादव KGMU के नाक-कान-गला (ENT) विभाग में नर्सिंग ऑफिसर के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने मार्च 2024 में इस प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान में कार्यभार ग्रहण किया था। राजेंद्र यादव अपनी पत्नी और पांच वर्षीय पुत्र के साथ लखनऊ के दुबग्गा इलाके में किराए के मकान में रह रहे थे।
परिवार संग बिताया था दिन, रात में हुआ दर्द
परिजनों के अनुसार, गुरुवार को राजेंद्र ने दिन का समय अपने परिवार के साथ बिताया था। वे पत्नी और बेटे के साथ बाजार गए थे और घर लौटने पर पूरी तरह स्वस्थ दिखाई दे रहे थे। लेकिन देर रात अचानक उन्हें सीने में तीव्र दर्द की शिकायत हुई। परिजन तत्काल उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने बताया कि उनकी मृत्यु कार्डियक अरेस्ट से हुई।
केवल एक वर्ष की नौकरी, कंधों पर थी पूरे परिवार की जिम्मेदारी
मृतक राजेंद्र यादव को KGMU में कार्यरत हुए अभी महज एक वर्ष ही हुआ था। अपने माता-पिता और दो भाइयों सहित पूरे परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी उनके ही कंधों पर थी। उनकी आकस्मिक मृत्यु ने परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है।
नर्सिंग समुदाय में शोक की लहर
नर्सिंग एसोसिएशन के वरिष्ठ सदस्य प्रदीप गंगवार ने शोक जताते हुए कहा कि राजेंद्र यादव एक कर्मठ और जिम्मेदार नर्सिंग ऑफिसर थे। उनके असामयिक निधन से केजीएमयू स्टाफ और नर्सिंग बिरादरी स्तब्ध है। राजकीय नर्सेज संघ उत्तर प्रदेश के महामंत्री अशोक कुमार ने भी राजेंद्र के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और परिवार को हरसंभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया।
![]()
