बरेली/मुरादाबाद : उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक ही परिवार की खुशियों को गम में बदल दिया। ठाकुरद्वारा थाना क्षेत्र के खाई खेड़ा नहर वाले मार्ग पर एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली और ऑल्टो कार के बीच हुई भीषण टक्कर में पति, पत्नी और उनकी दस वर्षीय बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
शादी समारोह से लौटते समय हुआ हादसा
मृतक परिवार बिजनौर जिले के थाना शिवाला कला क्षेत्र के फिना रामपुर गांव का रहने वाला था। परिवार के मुखिया कविराज अपने परिजनों के साथ मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा क्षेत्र में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। समारोह के बाद वे सुबह ऑल्टो कार से वापस लौट रहे थे कि तभी यह हादसा हुआ।
तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने मारी टक्कर
जैसे ही कार खाई खेड़ा नहर के पास पहुंची, सामने से आ रही लकड़ियों से लदी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कार को जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में कविराज, उनकी पत्नी मंजू और 10 वर्षीय बेटी अराध्या की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
तीन घायल, अस्पताल में भर्ती
कार में सवार अन्य तीन लोग तासु पुत्री सतीश (निवासी लोदीपुर), कविराज का बेटा लक्ष्य और एक अन्य व्यक्ति जानू—गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जबकि मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
चालक फरार, ट्रैक्टर जब्त
हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर और कार को कब्जे में ले लिया है और अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उसकी तलाश की जा रही है।
गांव में मातम, लापरवाह चालकों पर गुस्सा
इस घटना से मृतक परिवार के गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने हादसे को ट्रैक्टर चालकों की लापरवाही का नतीजा बताया और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के रास्तों पर ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक तेज रफ्तार और असावधानी से वाहन चलाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
पुलिस की कार्रवाई जारी
ठाकुरद्वारा थाना प्रभारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। ट्रैक्टर मालिक की भी शिनाख्त की जा रही है, ताकि जिम्मेदारों को सजा दिलाई जा सके।
