समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का भाजपा पर बड़ा हमला, यूपी में 2027 में बदलाव बताया तय
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति नफरत फैलाने और जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटकाने पर आधारित है। उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ जोरदार आवाज उठाते हुए कहा कि आज पूरा शासन तंत्र थाने, तहसील से लेकर शीर्ष स्तर तक भ्रष्टाचार में आकंठ डूबा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि “यह पहली सरकार है, जिसमें सत्ता के निकटतम आईएएस अफसर भी भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के मामलों में फरार चल रहे हैं। हर स्तर पर लूट मची है। निवेश हो या निर्माण कार्य, कोई भी क्षेत्र अछूता नहीं है।”
निवेश के नाम पर लूट और झूठ
सपा प्रमुख ने इन्वेस्टर्स समिट पर भी सवाल उठाया। बोले, भाजपा सरकार बड़ी-बड़ी इन्वेस्टर मीट कराती है। मगर, उनका असल उद्देश्य केवल कमीशन वसूली होता है। उन्होंने कहा कि “निवेश पर मिलने वाली इंसेंटिव में भी भ्रष्टाचार है। कंपनियों से पैसा लिया जाता है और उसका बंटवारा होता है। इन्वेस्टमेंट के नाम पर जो घोटाले हो रहे हैं, वे बंटवारे के झगड़े का नतीजा हैं।”
विकास कार्यों में मानकों की अनदेखी
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भाजपा सरकार के निर्माण कार्यों में हो रहे भ्रष्टाचार पर भी गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के कुछ समय बाद ही सड़क टूट गई। इससे स्पष्ट होता है कि निर्माण में मानकों की अनदेखी की गई है। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे का निर्माण अब भी विवादों में है, और बार-बार डेडलाइन बढ़ाई जा रही है।
स्वास्थ्य और शिक्षा में भी घटिया सामग्री की खरीद
उन्होंने आरोप लगाया कि हर क्षेत्र में घटिया सामग्री की खरीद हो रही है, जो आग में जल जाने की घटनाओं से स्पष्ट है। “भाजपा सरकार की कोई भी योजना हो, चाहे वह अस्पताल हो या मेडिकल कॉलेज, भ्रष्टाचार से मुक्त नहीं है।
भ्रष्टाचार से त्रस्त जनता 2027 में देगी जवाब
उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश की जनता भाजपा के इस भ्रष्टाचारपूर्ण शासन को 2027 के विधानसभा चुनाव में करारा जवाब देगी। उन्होंने कहा, “लोग अब समझ चुके हैं कि भाजपा सिर्फ झूठे वादे और लूट की राजनीति करती है। विकास का पर्याय समाजवादी पार्टी है और जनता उसी को सत्ता में वापस लाएगी।”
