बरेली : एनईआर (पूर्वोत्तर रेलवे) ने गर्मियों की छुट्टी से पहले समर स्पेशल ट्रेन का ऐलान किया है। यह ट्रेन बरेली, शाहजहांपुर, मुरादाबाद और सीतापुर स्टेशनों पर ठहरेगी। इससे यात्रियों (पैसेंजर) को बड़ी राहत मिलेगी। स्पेशल ट्रेन का संचालन 16 मई से आनंद बिहार वाया बरेली, मुरादाबाद- सहरसा के बीच शुरू किया जाएगा। समर स्पेशल ट्रेन 05577/05578 को 33 फेरों के लिए संचालित किया जाएगा।
समर स्पेशल ट्रेन के संचालन और ठहराव का समय
स्पेशल ट्रेन 05577 सहरसा-आनन्द विहार टर्मिनस का संचालन 16 मई से 30 जून 2025 तक हर रविवार, सोमवार, मंगलवार, बुधवार और शुक्रवार को किया जाएगा। ट्रेन सहरसा स्टेशन से रात आठ बजे चलेगी। यह गढ़ बरौनी, सुपौल, सरायगढ़, निर्मली, घोगरडीहा, झंझारपुर, सकरी, दरभंगा, जनकपुर रोड, सीतामढ़ी, बैरगनिया, रक्सौल, नरकटियागंज, बगहा, कप्तानगंज, गोरखपुर, बस्ती, गोण्डा, सीतापुर जं., शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, गाजियाबाद में ठहरकर आनन्द विहार टर्मिनस पर तीसरे दिन रात 12.30 बजे पहुंचेगी। बरेली जंक्शन पर यह ट्रेन दूसरे दिन रात 7.05 बजे, और मुरादाबाद 9.25 बजे आएगी।
स्पेशल ट्रेन में 18 कोच
समर स्पेशल 05578 आनन्द विहार टर्मिनस-सहरसा (वापसी) में 18 मई से 02 जुलाई, 2025 तक हर रविवार, मंगलवार, बुधवार, बृहस्पतिवार और शुक्रवार को चलाई जाएगी। ट्रेन आनन्द विहार टर्मिनस से सुबह 05:15 बजे चलकर गाजियाबाद 5.05, मुरादाबाद 8.35, बरेली जंक्शन पर 10.12 बजे पहुंचेगी। इसी तरह से शाहजहांपुर, सीतापुर जंक्शन, गोण्डा, बस्ती, गोरखपुर, कप्तानगंज, बगहा, नरकटियागंज, रक्सौल, बैरगनिया, सीतामढ़ी, जनकपुर रोड, दरभंगा, सकरी, झंझारपुर, घोगरडीहा, निर्मली, सरायगढ़, सुपौल, गढ़ बरौनी से होकर सहरसा में अगले दिन सुबह 10.30 बजे आएगी। इस ट्रेन कुल 18 कोच होंगे। इसमें 16 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी (AC 3-tier) कोच (गरीबरथ श्रेणी) के हैं।
