लखनऊ : सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में भाजपा की अंदरूनी राजनीति की शर्मनाक लड़ाई में दो उपमुख्यमंत्रियों ने दो समाजों को आपस में लड़ाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की यह साज़िशी राजनीति अब लखनऊ से होते हुए दिल्ली तक फैल गई है, और इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
कौशांबी में भाजपा की अंदरूनी राजनीति का वीभत्स खेल
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने कहा कि पहले एक उपमुख्यमंत्री ने ‘पाल’ समाज को मोहरा बनाकर नाइंसाफी की और फिर दूसरे उपमुख्यमंत्री ने अपने समाज के नाम पर झूठी सहानुभूति दिखाने की कोशिश की। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के शीर्ष नेताओं के आपसी टकराव के चलते समाजों को एक-दूसरे से भिड़ाया जा रहा है और ये पूरा खेल सत्ता बचाने की कोशिशों का हिस्सा है।
“कौशांबी, लखनऊ और दिल्ली, तीनों स्तर पर हो रही साज़िश”
उन्होंने दावा किया कि यह सिर्फ दो उपमुख्यमंत्रियों तक सीमित नहीं है, बल्कि “ऊपरवालों” और उनके “ऊपर के ऊपरवालों” तक सियासी खींचतान जारी है। केंद्र सरकार के कुछ हिस्से कौशांबी की भाजपा राजनीति को नियंत्रित कर रहे हैं। यह जनता को गुमराह करने और आपसी एकता को तोड़ने की सुनियोजित चाल है।
समाजों के बीच फूट डालने की राजनीति कर रही है भाजपा
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा का इतिहास समाजों के बीच फूट डालने और सत्ता के लिए उन्हें आपस में लड़ाने का रहा है। ये वही रणनीति है जो अंग्रेजों से विरासत में मिली है। भाजपा का असली चेहरा अब सामने आ चुका है और जनता इसे पहचान चुकी है।
उत्पीड़न पर ‘सुविधाजनक चुप्पी’
पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा के उपमुख्यमंत्री अपने समाज के ऊपर हो रहे अत्याचार और अपमान को लेकर भी चुप्पी साधे हुए हैं। क्योंकि, उन्हें अपनी कुर्सी प्यारी है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता सिर्फ खोई हुई सियासी जमीन की तलाश में हैं, न कि समाज की सेवा के लिए।
जनता अब भाजपा की चालें समझ चुकी है
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि जनता अब भाजपा की विभाजनकारी राजनीति को समझ चुकी है और उसके खिलाफ एकजुट होने लगी है। उन्होंने कहा कि भाजपा झूठे एफआईआर, मुकदमे और आरोप-प्रत्यारोप का सहारा लेकर अपने विरोधियों को दबाने की कोशिश कर रही है, लेकिन अब समाज का हर वर्ग भाजपा को हराने के लिए लामबंद हो गया है।
![]()
