बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली देहात के शाही थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे में तेज़ रफ्तार ओमनी ने रौंदा,तीन किशोरों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हृदय विदारक हादसा उस वक्त हुआ जब ग्राम खिदयपुर से आनंदपुर जा रही एक बारात की ठेली को एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने पीछे से जबरदस्त टक्कर मार दी।
हादसे में मची चीख-पुकार, चार किशोर चपेट में आए

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह हादसा आधी रात के बाद करीब 1:30 बजे उस समय हुआ, जब खिदयपुर गांव से करीब 8 से 10 लोग ठेली पर सवार होकर आनंदपुर गांव बारात लेकर जा रहे थे। जैसे ही जुलूस सोमपाल मिस्त्री की दुकान के सामने पहुंचा, तभी मिर्जापुर की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने ठेली को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ठेली पर सवार किशोर दूर जाकर गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
तीन किशोरों की मौत, एक की हालत गंभीर

हादसे में 16 वर्षीय रोहित कुमार पुत्र महेन्द्र पाल निवासी बकेनिया वीरपुर थाना शाही की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल 16 वर्षीय सचिन पुत्र गंगाराम और 14 वर्षीय मोहित पुत्र कल्याण को इलाज के लिए ले जाया जा रहा था, लेकिन दोनों ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इस हादसे में 17 वर्षीय संजीव पुत्र हरिद्वार लाल गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
गांव में पसरा मातम, परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल
हादसे की सूचना मिलते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया। मृतकों के परिजन बदहवास हालत में अस्पताल पहुंचे। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। यह जुलूस खुशी का मौका था जो कुछ ही पलों में मातम में बदल गया।
पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी खंगाले जा रहे
शाही थाना प्रभारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में तीन किशोरों की मृत्यु हो चुकी है और एक घायल है। जिसका उपचार जारी है। फिलहाल अज्ञात वाहन चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी वाहन की पहचान की जा सके।उन्होंने यह भी बताया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से नियंत्रण में है और इस दुखद घटना की गहन जांच की जा रही है।
