बरेली : यूपी के बरेली जनपद के थाना बिथरी चैनपुर क्षेत्र अंतर्गत गांव नवादिया हरकिशन में जमीनी विवाद ने एक बार फिर खून-खराबे का रूप ले लिया। शुक्रवार देर रात 58 वर्षीय महिला हर प्यारी की धारदार हथियार से गला काटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस निर्मम हत्या से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। मृतका के बेटे अरविंद ने पुलिस को बताया कि उनकी मां गुरुवार शाम पिता को खाना देने के बाद घर लौट आई थीं। इसके बाद वह परचूनी की दुकान से तंबाकू और पेंट लेकर अपने पति को मुर्गी फार्म पर देने जा रही थीं, तभी रास्ते में रुकुम सिंह के खेत के पास पहले से घात लगाए बैठे रिश्तेदारों ने उन पर हमला कर दिया। हमलावरों की पहचान देवर रामपाल के बेटे राहुल और प्रियांशु के रूप में हुई है। जमीनी बंटवारे के विवाद के चलते इन दोनों ने महिला पर धारदार हथियार से हमला कर गला काट दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
सुबह खेत में मिला खून से लथपथ शव
शनिवार सुबह गांव वालों ने जब खेत के पास हर प्यारी का खून से सना शव पड़ा देखा, तो चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद थाना बिथरी चैनपुर पुलिस भारी फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घटनास्थल को सील कर दिया।
देवर और उसके बेटों पर हत्या का आरोप
मृतका के पति रामकुमार और बेटे अरविंद ने अपने भाई रामपाल और उसके दोनों बेटों पर हत्या की लिखित तहरीर दी है। आरोप है कि “रामपाल से लंबे समय से ज़मीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था और वह कई बार पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दे चुका था।”
पुलिस जांच में जुटी, कई हिरासत में
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटनास्थल से फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए गए हैं और हत्या में प्रयुक्त हथियार की तलाश की जा रही है। थाना बिथरी चैनपुर के प्रभारी ने मीडिया को बताया कि “मामला पारिवारिक जमीन विवाद से जुड़ा लग रहा है। तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी। सभी एंगल से जांच की जा रही है।”घटना के बाद से नवादिया हरकिशन गांव में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर परिवार को न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।
