बरेली : यूपी के बरेली जनपद में गेहूं खरीद की धीमी प्रगति को लेकर जिलाधिकारी (डीएम) अविनाश सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने गेहूं क्रय लक्ष्य के सापेक्ष खरीद कम होने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की और तत्काल प्रभाव से डिप्टी आरएमओ को सभी गेहूं क्रय केंद्रों का निरीक्षण करने तथा खरीद प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।
गेहूं खरीद को लेकर सख्ती, केंद्र प्रभारियों को चेतावनी

जिलाधिकारी ने कहा कि गेहूं खरीद अभियान को सफल बनाने के लिए एक सप्ताह का विशेष अभियान चलाया जाए। इसके तहत एसडीएम, तहसीलदार और अन्य संबंधित अधिकारी किसानों से सीधा संपर्क स्थापित करें और अधिक से अधिक किसानों को गेहूं विक्रय के लिए प्रेरित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन क्रय केंद्रों की खरीद कम रहेगी, उनके प्रभारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी केंद्र प्रभारियों को चेताया कि वे शत-प्रतिशत लक्ष्य की पूर्ति करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।
नवाबगंज केंद्र पर कार्रवाई के निर्देश

बैठक में समीक्षा के दौरान नवाबगंज गेहूं क्रय केंद्र की खरीद बेहद कम पाई गई। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए केंद्र प्रभारी के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके साथ ही सभी केंद्रों को निर्देशित किया गया कि वे किसानों से नियमित संवाद बनाए रखें और भुगतान प्रक्रिया को यथाशीघ्र पूरा करें।
मीरगंज में पंजीकरण कम, प्रचार-प्रसार बढ़ाने पर जोर

बैठक में यह भी पाया गया कि मीरगंज क्षेत्र में किसानों के पंजीकरण की संख्या बहुत कम है। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए जनजागरूकता अभियान चलाकर पंजीकरण बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रचार-प्रसार के माध्यम से किसानों को क्रय केंद्रों तक लाना जरूरी है, ताकि सरकारी समर्थन मूल्य का लाभ अधिक से अधिक किसानों को मिल सके। बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ दुबे, डिप्टी आरएमओ कमलेश कुमार पांडे, सभी जिला सहायक निबंधक, तथा मंडी सचिव उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी को निर्देशित किया कि क्रय केंद्रों की नियमित निगरानी की जाए और किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए।
