बरेली : यूपी के बरेली शहर के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में बुधवार को करंट लगने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब हाईटेंशन (HT) लाइन से करंट पास के एक पेड़ में उतर आया। पेड़ के संपर्क में आने से युवक को इतना तेज झटका लगा कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों की भीड़ जमा हो गई।
मृतक की पहचान नहीं, कबाड़ बीनने वाला बताया जा रहा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक कबाड़ बीनने का काम करता था। उसके कपड़े और शारीरिक स्थिति यही संकेत दे रहे हैं। करंट लगने से शव पूरी तरह से झुलस गया है, जिससे पहचान करना मुश्किल हो गया है।
पुलिस मौके पर पहुंची, शव पोस्टमार्टम को भेजा
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में पूछताछ की जा रही है। साथ ही उसकी तस्वीरें अन्य थानों को भी भेजी गई हैं, ताकि किसी तरह पहचान हो सके।
हर एंगल से जांच में जुटी है पुलिस
इज्जतनगर पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल पुलिस हर संभव एंगल से जांच कर रही है।
![]()
