बरेली : यूपी के बरेली की होनहार बेटी अंजली ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रतिष्ठित परीक्षा में 702वीं रैंक हासिल कर जिले और परिवार का नाम रोशन किया है। अंजली की इस बड़ी सफलता पर उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। गुरुवार को समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं फरीदपुर विधानसभा से पूर्व विधायक विजय पाल सिंह ने खुद अंजली के घर पहुंचकर उन्हें सफलता की बधाई दी और उज्जवल भविष्य की कामना की। अंजली कैंट क्षेत्र के सदर बाजार निवासी हैं और उनके पिता ओम प्रकाश चकबंदी विभाग में पेशकार के पद पर कार्यरत हैं।
तीसरे प्रयास में मिली सफलता

अंजली ने यह सफलता अपने तीसरे प्रयास में हासिल की है। पूर्व विधायक विजय पाल सिंह ने अंजली के संघर्ष और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि “अंजली ने न सिर्फ अपने परिवार का, बल्कि बरेली जिले का भी नाम गर्व से ऊँचा कर दिया है। उन्होंने हार नहीं मानी, निरंतर परिश्रम किया और अपने लक्ष्य पर दृढ़ता से डटी रहीं।”
अंजली नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत

उन्होंने अंजली को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि आज के युवा उनके संघर्ष और धैर्य से सीख ले सकते हैं। अंजली की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि बेटियाँ अगर ठान लें, तो कोई भी मुकाम असंभव नहीं है। पढ़ाई और मेहनत के दम पर अंजली ने वह कर दिखाया है जो लाखों छात्र सपने में देखते हैं। पूर्व विधायक ने प्रशासन से भी अपील की कि ऐसी प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाए ताकि उनका मनोबल और बढ़े।
