जौनपुर/लखनऊ : यूपी के जौनपुर जिले में पूर्व जिला युवा कल्याण अधिकारी रामकृपाल यादव का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। शव लाइन बाजार थाना क्षेत्र के वाजिदपुर तिराहे के पास बरामद हुआ है। हत्या की आशंका के चलते पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। फॉरेंसिक टीम के साथ-साथ वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
रेस्टोरेंट के पास मिला शव, हत्या की गूंज
पूर्व अधिकारी रामकृपाल यादव का शव लाइन बाजार क्षेत्र में स्थित एक रेस्टोरेंट के पास सड़क किनारे पड़ा मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मौत के कारणों को संदिग्ध मानते हुए हत्या की आशंका जताई गई है। हालांकि, इस मामले में एसपी जौनपुर कौस्तुभ ने The Justice Hindi को बताया कि मामले की जांच चल रही है। अभी मीटिंग में हैं। कुछ देर में बताते हैं।
31 मई से थे लापता, पोते के साथ निकले थे घर से
रामकृपाल यादव मूल रूप से खुटहन थाना क्षेत्र के मैरवां गांव के निवासी थे और फिलहाल सुंदर नगर कॉलोनी, पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास रहते थे। परिजनों के अनुसार, 31 मई को दोपहर 2 बजे वे अपने पोते के साथ एक रिश्तेदारी में गए थे। लौटते समय उन्होंने अपने पोते को घर भेज दिया और खुद एक रेस्टोरेंट के पास उतर गए, यह कहकर कि “शाम को निमंत्रण में चलना होगा, तब फोन करूँगा।” लेकिन जब देर शाम तक उनका कोई फोन नहीं आया और संपर्क नहीं हो पाया, तब परिजनों को चिंता हुई।
सीसीटीवी में कैद हुई आखिरी झलक, वापस जाते नहीं दिखे
परिजनों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जिसमें रामकृपाल यादव रेस्टोरेंट की दिशा में जाते हुए तो दिखे, लेकिन वापसी की कोई फुटेज नहीं मिली। पुलिस ने भी इन फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी में स्कूटी सवार महिला और युवक पर शक
जांच में जुटी पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर स्कूटी सवार एक महिला और एक युवक की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने शक के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इस बीच CO सिटी देवेश सिंह और लाइन बाजार थाना प्रभारी सतीश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और जांच की निगरानी कर रहे हैं।
फोरेंसिक टीम कर रही घटनास्थल की बारीकी से जांच
पुलिस ने घटनास्थल की फोरेंसिक जांच भी करवाई है ताकि साक्ष्यों के आधार पर यह साफ हो सके कि रामकृपाल यादव की मौत प्राकृतिक थी या सुनियोजित हत्या। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण की पुष्टि हो सकेगी।
पुलिस की अपील, अफवाहों से बचें, जांच प्रक्रिया जारी
पुलिस ने आमजन से अफवाहों से दूर रहने और जांच में सहयोग करने की अपील की है। फिलहाल पूरा मामला संवेदनशील और हाई प्रोफाइल माना जा रहा है, जिसमें अधिकारी भी नजर रखे हुए हैं।
![]()
