अहमदाबाद/लखनऊ : भारत ने आज अपने इतिहास की सबसे दर्दनाक और भयावह हवाई दुर्घटना देखी। गुरुवार दोपहर लगभग 1:30 बजे, अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट टेक ऑफ के कुछ ही सेकंड बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। विमान में कुल 242 लोग सवार थे। जिनमें से 241 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। इस हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है।
आग की लपटों में तबाह हो गया पूरा विमान

यह फ्लाइट अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ ही पलों में क्रैश हो गई। प्लेन में मौजूद सवा लाख लीटर ईंधन ने आग को इतना भयावह बना दिया कि किसी को बचने का मौका तक नहीं मिला। घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है।
पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी की भी दुखद मौत

गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता विजय रुपाणी इस विमान में सवार थे। उनकी मृत्यु की खबर से न सिर्फ गुजरात, बल्कि पूरा देश शोक में डूब गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सपा प्रमुख एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
गृह मंत्री अमित शाह ने बताया घटनास्थल का हाल

घटनास्थल पर पहुंचने के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने मीडिया से कहा कि “मुझे एकमात्र बचे यात्री से मिलने का अवसर मिला। बाकी यात्रियों की पहचान का कार्य तेजी से किया जा रहा है। डीएनए परीक्षण और शवों की पहचान का काम चल रहा है।”
पहचान के लिए DNA जांच, अस्पताल में इमरजेंसी नंबर जारी
241 शवों की पहचान के लिए DNA सैंपलिंग की जा रही है। अहमदाबाद सिविल अस्पताल प्रशासन ने आपातकालीन जानकारी के लिए दो नंबर जारी किए हैं। इन दोनों नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं 6357373831, 6357373841 ।
नागरिक उड्डयन मंत्री बोले – होगी निष्पक्ष और गहन जांच

नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने हादसे पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि “यह केवल एक तकनीकी गलती नहीं हो सकती। हम पूरी गहराई में जाकर जांच करेंगे।”
टाटा समूह ने की राहत की घोषणा

टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने प्रत्येक मृतक यात्री के परिवार को 1 करोड़ मुआवजा देने का ऐलान किया है। इसके अतिरिक्त, घायलों का पूरा इलाज और बीजे मेडिकल हॉस्टल के पुनर्निर्माण की जिम्मेदारी भी ली गई है।
पूरे देश की आंखें नम हैं…
यह हादसा सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि सैकड़ों सपनों का अंत है। हंसते-खेलते परिवार, उड़ानों से जुड़े अरमान, जीवन के नए पड़ाव की उम्मीदें सब कुछ इस आग में जलकर खत्म हो गया।
![]()
