अहमदाबाद/बांसवाड़ा/लखनऊ: गुजरात के अहमदाबाद में हुए भयावह एयर इंडिया प्लेन क्रैश से जुड़ी एक-के-बाद-एक मार्मिक कहानियां सामने आ रही हैं। इन्हीं में से एक है राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के रहने वाले डॉक्टर प्रदीप व्यास के पूरे परिवार की। यह परिवार लंदन जा रहा था, लेकिन यात्रा की खुशी एक दिल दहला देने वाली त्रासदी में तब्दील हो गई।
टेक ऑफ से पहले ली गई आखिरी सेल्फी…

विमान में सवार होने के बाद डॉ. प्रदीप व्यास ने अपनी पत्नी डॉ. कोनी व्यास और तीन बच्चों प्रद्युत जोशी, मिराया जोशी और नकुल जोशी के साथ एक सेल्फी ली। यह एक खुशहाल परिवार की सामान्य सी तस्वीर थी, लेकिन यह उनके जीवन की आखिरी सेल्फी बन गई।
पूरे परिवार की मौत, एक साथ 5 ताबूत…
एयर इंडिया के जिस बोइंग 787-8 विमान ने अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरी थी। वह टेक ऑफ के कुछ ही सेकंड बाद क्रैश हो गया। इस दर्दनाक हादसे में डॉक्टर प्रदीप व्यास के परिवार के सभी पांच सदस्य मारे गए।
उदयपुर की नौकरी छोड़ी थी, लंदन जा रही थी फैमिली
डॉ. कोनी व्यास, जो उदयपुर के पेसिफिक हॉस्पिटल में कार्यरत थीं, ने हाल ही में अपनी नौकरी छोड़ दी थी। वे अपने पति डॉ. प्रदीप के साथ लंदन में बसने की तैयारी में थीं। पेसिफिक हॉस्पिटल के प्रबंधन ने मीडिया को बताया कि डॉ. कोनी ने एक महीने पहले इस्तीफा देकर विदाई ली थी।
बांसवाड़ा की बेटी कोनी, और लंदन का सपना…
कोनी व्यास मूल रूप से बांसवाड़ा की रहने वाली थीं। उन्होंने अपने करियर और परिवार के लिए बड़ा फैसला लिया था, लेकिन यह यात्रा उनके लिए आखिरी बन गई।
राजस्थान ने खोए अपने 11 लोग
इस हादसे में राजस्थान के कुल 11 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों में बांसवाड़ा, उदयपुर, बीकानेर और बालोतरा जिलों के निवासी शामिल हैं। उदयपुर के एक मार्बल व्यवसायी के बेटे-बेटी भी इस विमान में सवार थे, जो लंदन घूमने जा रहे थे।
![]()
