अब 9 जुलाई को देशव्यापी हड़ताल, कर्मचारियों के मुद्दे पर दिया जाएगा ज्ञापन
बरेली : केंद्रीय श्रम संगठनों द्वारा घोषित 20 मई की देशव्यापी आम हड़ताल फिलहाल स्थगित कर दी गई है। यह निर्णय एक अहम बैठक के बाद लिया गया। दरअसल, हाल ही में पहलगांव के जघन्य आतंकी हमले में 26 निर्दोष लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई। इस घटना ने पूरे देश को हिला कर रख दिया। इस दुखद घटना के बाद उत्पन्न राजनीतिक और सामाजिक परिस्थितियों के मद्देनज़र हड़ताल की तिथि को पुनर्निर्धारित कर अब 9 जुलाई 2025 कर दिया गया है। हालांकि, देशभर में ट्रेड यूनियनों द्वारा इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया और विरोध दर्ज कराना जारी रहेगा। इसी क्रम में बरेली ट्रेड यूनियंस फेडरेशन ने 20 मई को एक शांतिपूर्ण प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया है।
20 मई को जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को सौंपा जाएगा ज्ञापन
बरेली ट्रेड यूनियंस फेडरेशन की स्माल कमेटी की बैठक में हुए निर्णय के अनुसार, 20 मई 2025 को सुबह 11 बजे, जिलाधिकारी बरेली के माध्यम से एक ज्ञापन महामहिम राष्ट्रपति महोदया को भेजा जाएगा। यह ज्ञापन केंद्र सरकार से जुड़ी मजदूर विरोधी नीतियों के विरोध और विभिन्न जनसमस्याओं को उजागर करने वाला दस्तावेज़ होगा। इस ज्ञापन में केंद्रीय श्रम संगठनों की मांगों का समर्थन किया जाएगा। बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी पर रोक लगाने की मांग, बरेली कॉलेज के कर्मचारियों की छंटनी का विरोध, बिजली के निजीकरण का कड़ा विरोध,संविदा बिजली कर्मचारियों की नियमितीकरण की मांग आदि को उठाया जाएगा।
‘मजदूरों की आवाज़ बुलंद करना समय की मांग’: संजीव मेहरोत्रा
बरेली ट्रेड यूनियंस फेडरेशन के महामंत्री संजीव मेहरोत्रा ने कहा कि “हालात चाहे जैसे भी हों, मजदूरों की समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। सरकार द्वारा लगातार अनदेखी के चलते आज देश का मज़दूर, कर्मचारी, युवा और छात्र सभी परेशान हैं। हमारी यह लड़ाई उनके हक़ और सम्मान की है।”उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बरेली में आंदोलन शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीक़े से किया जाएगा, और यह ज्ञापन जन भावनाओं का दस्तावेज़ होगा जिसे राष्ट्रपति तक पहुंचाया जाएगा।
