हादसे की भयावह तस्वीरें आई सामने
अहमदाबाद/ लखनऊ : गुजरात की राजधानी अहमदाबाद में बुधवार दोपहर को जो हुआ। उसने पूरे देश को हिलाकर रख दिया। लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 टेकऑफ के कुछ ही मिनटों बाद क्रैश हो गई। हादसे के ताज़ा फुटेज में देखा जा सकता है कि कैसे विमान रिहायशी इलाके की एक बड़ी इमारत की दीवार को चीरता हुआ अंदर घुस गया और उसका एक हिस्सा दूसरी ओर से बाहर निकल आया। दीवारें बिखर गईं, छतें उड़ गईं और आग की लपटों के साथ धुएं का भारी गुबार पूरे इलाके को ढक गया।
जानें कैसे हुआ हादसा ?

टेकऑफ का समय था दोपहर 1:39 बजे। फ्लाइट ने अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरी, लेकिन महज़ 3 मिनट के भीतर ही तकनीकी गड़बड़ी की वजह से विमान असंतुलित हो गया और तेजी से नीचे आता चला गया। विमान घनी आबादी वाले मेघानीनगर स्थित आईजीपी परिसर के पास एक इमारत से टकरा गया।
जानें क्या बोले प्रत्यक्षदर्शी

स्थानीय निवासी अनीता पटेल के मुताबिक “अचानक बहुत जोर की आवाज़ हुई, लगा जैसे कोई भूकंप आ गया हो। जब बाहर निकले तो देखा एक विमान इमारत से टकरा चुका है और उसका आधा हिस्सा सामने की दीवार तोड़कर निकल चुका था। चारों ओर आग और चीख-पुकार थी।”
राहत और बचाव कार्य जारी

NDRF की 3 टीमें, फायर ब्रिगेड की 12 यूनिट और 150 पुलिसकर्मी मौके पर तैनात हैं। अस्पतालों में आपात स्थिति लागू, 1200 बेड आरक्षित है। एयर इंडिया ने हेल्पलाइन नंबर 1800-5691-444 जारी किया है। PMO और गृह मंत्रालय लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। इसमें 242 लोग सवार थे। इसमें 169 भारतीय 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली, 1 कनाडाई नागरिक शामिल हैं।
DGCA और एयर इंडिया ने शुरू की जांच
DGCA, एयर इंडिया और एविएशन मंत्रालय की टीमें अहमदाबाद पहुंच चुकी हैं। ब्लैक बॉक्स खोजने का कार्य चल रहा है। स्थानीय प्रशासन ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और मीडिया के लिए एक सीमित क्षेत्र निर्धारित किया गया है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में दिख रहा है कि प्लेन का अगला हिस्सा बिल्डिंग के आरपार निकल चुका है और एक तरफ का पंखा टूटकर सड़क पर गिरा हुआ है। इमारत की दीवारें पूरी तरह ढह गई हैं और आग की लपटें कई मीटर ऊपर तक जा रही हैं।
![]()
