लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है, और जनता को न्याय नहीं मिल रहा है। वह गुरुवार को गोमतीनगर स्थित होटल बजट इन के उद्घाटन अवसर पर एकत्र जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर होटल के मालिक श्री श्रवण यादव और शिवदास रस्तोगी ने उनका स्वागत किया।
भ्रष्टाचार और अन्याय का राज

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी में भ्रष्टाचार और अन्याय का राज है। भाजपा सरकार में वसूली और ज़मीनों की लूट खुलेआम हो रही है। कानून का डर खत्म हो गया है, आम जनता न्याय के लिए भटक रही है। बेरोजगारी और परीक्षा घोटाले चल रहे हैं। युवाओं के लिए नौकरी और रोजगार उपलब्ध नहीं हैं। लाखों युवा फार्म भरते हैं, लेकिन परीक्षा नहीं होती या पेपर लीक हो जाता है।
भाजपा की किसान और स्वदेशी विरोधी नीति

पूर्व सीएम ने कहा कि भाजपा ने किसान बाजार खत्म कर दिए।आरएसएस स्वदेशी की बात करता है, लेकिन बाजार चीनी सामान से भरे हैं। बिजली व्यवस्था और निजीकरण का विरोध हो रहा है। मगर, कोई सुनवाई नहीं। यूपी में भाजपा सरकार ने 8 साल में बिजली उत्पादन नहीं बढ़ाया। अब निजीकरण की साजिश रची जा रही है। जिससे आरक्षण खत्म होगा। अखिलेश यादव ने कहा कि “बिजली उपभोक्ताओं का बिल आधा होना चाहिए।”
कुंभ हादसे में मौतों पर झूठ

सपा प्रमुख ने कुंभ हादसे में मौतों के झूठ पर तंज कसा। बोले,सरकार ने भगदड़ में मरने वालों के आंकड़े छिपाए। चुपचाप पांच-पांच लाख रुपये देकर मृतकों की गिनती नहीं बताई। उन्होंने जातीय जनगणना की मांग की। बोले, भाजपा आंकड़ों के साथ खेलती है। इसलिए जनता को सतर्क रहना होगा। आधुनिक तकनीक से जातीय जनगणना शीघ्र कराई जानी चाहिए।सपा सरकार आने पर महाराजा सुहेलदेव की प्रतिमा सोने की तलवार के साथ लगेगी। बंगाल में भगवान जगन्नाथ मंदिर के निर्माण के लिए ममता बनर्जी को बधाई दी।
“धरती के धरोहर अखिलेश” पुस्तक भेंट
मशहूर बिरहा गायक एवं पूर्व एमएलसी काशीनाथ यादव ने अखिलेश यादव को अपनी पुस्तक “धरती के धरोहर अखिलेश” भेंट की। इसको पूर्व सीएम ने भावुक होकर स्वीकार किया।
![]()
