सिरिंज व इंजेक्शन बरामद, पुलिस जांच में जुटी
बरेली। शहर के चौपला क्षेत्र में बंद पड़े रेलवे फाटक के पास झाड़ियों में दो युवकों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे राहगीरों ने झाड़ियों में दो युवकों को पड़े देखा और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जहां एक युवक की मौत हो चुकी थी, वहीं दूसरा गंभीर अवस्था में पड़ा था, जिसे जिला अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
पुलिस को मौके से नशे के इंजेक्शन और सिरिंज मिले हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि दोनों की मौत नशे की ओवरडोज से हुई है। एक शव की हालत गर्मी के कारण खराब होने लगी थी, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि उसकी मौत कुछ समय पहले हुई होगी।
इसके अलावा मृतक की जेब से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जिसे पुलिस ने चार्ज कर शिनाख्त की कोशिश शुरू कर दी है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस युवकों की पहचान और मौत के कारणों की पुष्टि के लिए सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
