बीमार मां से मिलने बरेली आई थीं, विशेष उद्देश्य वीजा पर पहुंची थीं भारत
जिले में 34 पाकिस्तानी नागरिक, बाकी 33 के पास लॉन्ग टर्म वीजा
बरेली। पहलगाम आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। देश में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को लेकर सख्ती बरती जा रही है। इसी क्रम में बरेली में रह रही पाकिस्तान की नागरिक शहनाज को 48 घंटे के भीतर भारत छोड़ने का निर्देश मिला है। शहनाज विशेष उद्देश्य प्रवेश वीजा (एसपीईएस) पर कराची से बरेली आई थीं। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि वर्तमान में जिले में 34 पाकिस्तानी नागरिक निवास कर रहे हैं। इनमें से 33 के पास लॉन्ग टर्म वीजा है, जबकि शहनाज एकमात्र महिला हैं जो एसपीईएस वीजा पर भारत में मौजूद हैं। केंद्र सरकार के ताजा निर्देश के तहत केवल शहनाज को तत्काल देश छोड़ने का आदेश मिला है।
कराची से आई थी बीमार मां को देखने
शहनाज बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र की रहने वाली हैं। वह कराची के दिल्ली मेंशन नॉर्थ रोड में रहती हैं। हाल ही में वह अपनी बीमार मां को देखने अमृतसर के रास्ते बरेली पहुंचीं थीं। सफर के दौरान रामपुर के पास उनका पर्स चोरी हो गया, जिसमें पासपोर्ट, वीजा, पाकिस्तानी सिम और पहचान पत्र मौजूद था। शहनाज ने इस संबंध में बरेली जीआरपी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद जीरो एफआईआर दर्ज कर केस रामपुर स्थानांतरित कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सरकार के फैसले के बाद बढ़ी हलचल
केंद्र सरकार के निर्देशों के बाद जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। सुरक्षा एजेंसियां शहनाज के दस्तावेजों की जांच कर रही हैं। वहीं, अन्य पाक नागरिकों की जानकारी भी खंगाली जा रही है।
प्रशासन की निगरानी में शहनाज
सूत्रों के अनुसार शहनाज को 48 घंटे के भीतर पाकिस्तान लौटने की सूचना दे दी गई है। प्रशासन की निगरानी में उनके वीजा से संबंधित दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। अन्य पाक नागरिकों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है, लेकिन केंद्र से निर्देश मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
विशेष वीजा पर आई थीं
शहनाज एसपीईएस यानी स्पेशल परपज एंट्री वीजा विशेष परिस्थितियों में भारत आने की अनुमति देता है। आमतौर पर यह वीजा पारिवारिक आपातकाल, बीमारी या विवाह आदि के लिए सीमित समय के लिए जारी किया जाता है।
