लखनऊ/ उरई/ जालौन: यूपी के झांसी-कानपुर हाईवे पर बुधवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने हड़कंप मचा दिया। उरई के समीप सोमई गिरथन गांव के पास ट्रक और कार की आमने-सामने की टक्कर में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह कार चालक को नींद की झपकी आना बताया जा रहा है।
नींद ने छीनी पांच जिंदगियां

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बहराइच जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र के इकधरा गांव से एक परिवार बुधवार की सुबह कार से बेंगलुरु जा रहा था। जैसे ही उनकी कार बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के निकट सोमई गिरथन के पास पहुंची। चालक ब्रजेश को अचानक नींद झपकी आ गई। जिससे कार डिवाइडर पर चढ़ गई और सड़क के दूसरी ओर पहुंच गई। उसी समय झांसी की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार में सवार लोग बुरी तरह फंस गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
मृतकों की पहचान और परिवार की दुर्दशा

हादसे में जिन पांच लोगों की मौके पर ही मौत हुई। उनकी पहचान चालक ब्रजेश, उसकी पत्नी प्रीति, संगीता (अंकित की पत्नी), बेटी सिद्दीका और अत्तु (बच्चा) के रूप में हुई है। इसके साथ ही अंकित, मानवी और मंदा इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें तत्काल उरई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। परिवार के सभी सदस्य रिश्तेदारी में हैं और एक साथ यात्रा कर रहे थे।
एक घंटे तक तड़पते रहे कार सवार, कटर से निकाले गए शव
हादसा इतना भीषण था कि कार सवार सभी लोग अंदर ही फंस गए। पुलिस और राहगीरों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया लेकिन कार बुरी तरह से दब चुकी थी। इसके बाद फायर ब्रिगेड की मदद से कटर मंगवाया गया और कार को काटकर सभी को बाहर निकाला गया। पांच लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो चुकी थी, जबकि तीन अन्य को तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
हाईवे पर यातायात बाधित, ट्रक चालक फरार
हादसे के बाद एक घंटे तक हाईवे पर यातायात पूरी तरह ठप रहा। पुलिस ने ट्रक को हटवाकर यातायात बहाल कराया। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है।
